स्टार गोल्फर स्मृति मेहरा की अगुआई में भारतीय खिलाड़ी 26 से 28 मार्च तक यहाँ होने वाले डीएलएफ महिला इंडियन ओपन में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
हाल में उप महाद्वीप के सबसे बेहतरीन गोल्फ क्लब का खिताब जीतने वाले डीएलएफ गोल्फ एवं कंट्री क्लब में होने वाले इस 120000 डॉलर (लगभग 48 लाख रुपए) इनामी टूर्नामेंट में एशिया सहित दुनिया की जानी-मानी खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण की इनामी राशि में 20000 डॉलर का इजाफा किया गया है। इस संदर्भ में आयोजन समिति की अध्यक्ष कविता सिंह ने कहा कि इस बार हमारे साथ कुछ नए प्रायोजन जुड़े हैं इसलिए हमने टूर्नामेंट की इनामी राशि में पिछली बार के मुकाबले इजाफा किया है। उम्मीद है कि हम हर बार इनामी राशि को बढ़ा पाएँगे।
इस अवसर पर प्रतियोगिता की ट्रॉफी को भी मीडिया के सामने पेश किया गया। स्मृति के अलावा इरिना बरार और तान्या वाधवा से भारत को काफी उम्मीदें हैं। भारतीय खिलाड़ियों को हालाँकि सत्र का पहला टूर्नामेंट थाईलैंड महिला ओपन जीतने वाली थाईलैंड की प्रतिभावान गोल्फर फतलूम पोर्नानोंग और कोरियाई मूल की ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सन्नी पार्क से कड़ी टक्कर मिल सकती है।
विश्व कप में खेल चुकी जापान में रहने वाली ब्राजील की ईदा मारिया, प्रिसकिला चीन की वांग चुन और जापान की शिराकी री और सकुराई युकी भी टूर्नामेंट में शिरकत करेगी।
टूर्नामेंट में भारत की नौ गैरपेशेवर खिलाड़ी भी हिस्सा ले रही हैं जिसमें गुरबानी सिंह आकर्षण का केंद्र होंगी जो प्रतियोगिता में खेलने वाली सबसे युवा खिलाड़ी होंगी। वह 12 साल पाँच महीने की हैं।
तीन दौर में 54 होल के इस टूर्नामेंट में 36 होल के बाद कट होगा जिसमें 50 चोटी की खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा।
मुख्य टूर्नामेंट से पहले 25 मार्च को 52 पेशेवर गैरपेशेवर टीमों के बीच मुकाबला कराया जाएगा। हर टीम में एक पेशेवर और तीन गैरपेशेवर खिलाड़ी होंगे।
|