चीन में पेइचिंग ओलिंपिक खेलों की मशाल के तिब्बत क्षेत्र से गुजरने के दौरान सुरक्षा के कड़ बंदोबस्त किए जाएँगे।
ओलिंपिक खेलों की मशाल आज यूनान में प्रज्जवलित की जाएगी और यह 31 मार्च को पेइचिंग पहुँचेगी। उसके बाद यह कई देशों से होकर गुजरेगी। दूसरी मशाल प्रज्जवलित कर तिब्बत क्षेत्र ले जाई जाएगी, जिसे वहाँ से एवरेस्ट ले जाया जाएगा लेकिन विरोध प्रदर्शनों की वजह से इस मशाल को एवरेस्ट ले जाए जाने की योजना पर आशंकाएँ पैदा हो गई हैं।
हालाँकि चीन के खेल विभाग के एक अधिकारी ने कहा है कि कड़ी सुरक्षा के बीच मशाल एवरेस्ट ले जाई जाएगी।
ज्यों-ज्यों मशाल पेइचिंग पहुँचने का दिन करीब आ रहा है चीन ने पेइचिंग ओलिंपिक के प्रति समर्थन जुटाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। वह तिब्बत में भड़के आक्रोश के लिए तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को दोषी ठहरा रहा है।
चीन की सरकारी संवाद एजेंसी शिन्हुआ ने दलाई लामा के लिए कहा है कि उनका पेइचिंग ओलिंपिक को समर्थन देने वाला बयान झूठ साबित हुआ है। उनके समर्थकों ने मशाल जुलूस का बहिष्कार किया है और ल्हासा तथा अन्य स्थानों पर हिंसा भड़काई है लेकिन ओलिंपिक खेलों में बाधा पहुँचाने का उनकी योजना का निष्फल होना तय है।
|