मुख पृष्ठ > खेल-संसार > बीजिंग ओलिम्पिक-2008 > समाचार > अंतिम दिन वांसिरू ने बटोरी सुर्खियाँ
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
अंतिम दिन वांसिरू ने बटोरी सुर्खियाँ
सैमुअल वांसिरू बीजिंग ओलिम्पिक के अंतिम दिन विश्व रिकॉर्ड के साथ मैराथन का स्वर्ण जीतने वाले पहले केन्याई धावक बने जबकि मेजबान चीन ने रिकॉर्ड 51 स्वर्ण पदक के साथ अपने दबदबे की झलक पेश की।

चीन की मजबूत ओलिम्पिक टीम ने खेलों के दौरान शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और अंतिम दिन दो स्वर्ण की मदद से 51 स्वर्ण 21 रजत और 28 काँस्य पदक के साथ कुल 100 पदक जीतकर चोटी पर रहा। अमेरिका 36 स्वर्ण 38 रजत और 36 काँस्य पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद रूस के खाते में 23 सोने के तमगे आए। रूस ने 21 रजत और 28 काँस्य पदक भी जीते।

ब्रिटेन अंतिम दिन अपनी पदकों की संख्या में इजाफा नहीं कर पाया और 19 स्वर्ण, 13 रजत और 15 काँस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर रहा। 21बरस के वांसिरू ने सुबह बीजिंग की सड़कों पर 42.15 किलोमीटर का फासला दो घंटे छह मिनट और 32 सेकंड में तय किया जो ओलिम्पिक में एक रिकॉर्ड है।

केन्या इससे पहले दो बार पुरूष मैराथन का रजत पदक जीत चुका है लेकिन स्वर्ण पहली बार उसे मिला है। आठ साल पहले सिडनी ओलिम्पिक में भी केन्या दूसरे स्थान पर रहा था। दौड़ के बाद वांसिरू ने कहा केन्या में हमारे पास काफी पदक हैं, लेकिन मैं खुश हूँ यह (स्वर्ण) मेरे पास है।

इन खेलों को हालांकि अमेरिका के दिग्गज तैराक माइकल फेल्प्स के आठ स्वर्ण पदक और जमैका के फर्राटा धावक उसेन बोल्ट के फर्राटा स्पर्धाओं में 'गोल्डन ट्रिपल' के लिए याद किया जाएगा।

ओलिम्पिक के अंतिम दिन अमेरिका ने पुरुषों की बास्केटबॉल स्पर्धा के फाइनल में स्पेन को 118-107 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अमेरिका ने इससे पहले 2000 सिडनी खेलों में भी सोने का तमगा जीता था।

विजेता टीम के लिए ड्वेन वाडे 27 अंक के साथ शीर्ष स्कोरर रहे जबकि कोबी ब्रायंट ने 20 अंक जुटाए। पहला ओलिम्पिक जीतने की कवायद में जुटे विश्व चैम्पियन स्पेन के लिए रूडी फर्नान्डेज ने 22 जबकि पाऊ गेसल ने 21 अंक बटोरे।

अंतिम दिन कुल 12 पदक दांव पर लगे थे जिसमें से दो चीन के खाते में आए। खेलों की नयी महाशक्ति बनकर उभरे चीन के लिए झू शिमिंग ने मुक्केबाजी का पहला स्वर्ण जीतकर लाइट फ्लाइवेट खिताब पर कब्जा किया। यह चीन का 50वां स्वर्ण था। मुक्केबाजी का गढ़ कहे जाने वाला क्यूबा का कोई भी मुक्केबाज पिछले 40 साल में पहली बार ओलिम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने में असफल रहा।

इससे पहले 1968 में क्यूबा मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक हासिल नहीं कर पाया था। उसे यांकेल लियोन और कार्लोस बेंटियोक्स से आशा थी लेकिन यह दोनों भी आज क्रमश: बैंटमवेट और वेल्टरवेट फाइनल में हार गए। लियोन को मंगोलिया के बादर उगान इंकाबाट ने 15-5 से पराजित किया जबकि बेंटियोक्स को कजाखस्तान के बखायत सारसेकाबायेव ने 18-9 से हराया।

अमेरिका ने गत विजेता ब्राजील को हराकर पुरुषों की वालीबाल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीता। अमेरिकी टीम ने 20-25, 25-22, 25-21, 25-23 से जीत दर्जकर तीसरी बार वॉलीबॉल का खिताब अपने नाम किया। दो बार के स्वर्ण पदक विजेता और शीर्ष वरीयता प्राप्त ब्राजील की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
और भी
सुरेश कलमाड़ी ने दी सफाई
लियू की चोट से करियर को खतरा नहीं
फेडरर को यूएस ओपन जीतने का यकीन
भारत का दौरा करना चाहती हैं येलेना
सफलता का श्रेय ओलिम्पिक परिवार को-जिंताओ
ओलिम्पिक से बाहर हो सकता है ताइक्वांडो