शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. बीजिंग ओलिम्पिक-2008
  4. »
  5. समाचार
Written By WD

ओलिम्पिक पर 1 लाख 70 हजार करोड़ का खर्च

ओलिम्पिक पर 1 लाख 70 हजार करोड़ का खर्च -
-वेबदुनिया न्यूज

बीजिंग ओलिम्पिक खेल पूरी भव्यता से आयोजित हों और पूरी दुनिया चीन के इस वैभव को देखे इसके लिए यह देश कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। चीन इन खेलों पर पानी की तरह पैसा बहा रहा है। यदि इस खर्च को भारतीय रुपयों में देखा जाए तो यह आँकड़ा 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपए का बैठता है। जाहिर है इतना खर्च किसी भी आयोजन की सफलता में चार चाँद लगाने के लिए काफी है।

30 लाख विदेशी दर्शक : 8 अगस्त को बी‍जिंग के नेशल स्टेडियम में ओलिम्पिक खेलों का शुभारंभ होगा। इसी के साथ मुकाबलों की चद्दोजहद शुरू हो जाएगी। पदक जीतने की होड़ और श्रेष्ठता की जंग में खिलाड़ी एक दूसरे को पछाड़ते हुए नजर आएँगे। मोटे तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि बीजिंग ओलिम्पिक में 30 लाख विदेशी दर्शक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँगे। इससे चीनी पर्यटन विभाग को भी काफी लाभ पहुँचेगा।

चीयर लीडर्स की धूम रहेगी : चीयर लीडर्स का नाम अब भारतीय दर्शकों के लिए अजूबा नहीं रह गया है। इंडियन प्रीमियर लीग के फ्रेंचाइजियों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए अपनी-अपनी टीमों के लिए चीयर लीडर्स कन्याओं को बुलाया था, जो नाममात्र के कपड़ों में चौके, छक्के या विकेट गिरने पर संगीत की धुन पर कूल्हे मटकाती थी। इन्हीं चीयर लीडर्स का सहारा बीजिंग ओलिंपिक खेलों की आयोजन समिति भी रही है। ओलिम्पिक दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए 600 चीयर लीडर्स मौजूद रहेंगी।

अभेद सुरक्षा रहेगी ओलिम्पिक स्टेडियम : दुनियाभर में फैले आतंकवाद से चीन भी सचेत है और हाल ही में उसने 80 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार भी किया है। आतंकवादी ओलिम्पिक जैसे भव्य आयोजन में अपनी नापाक हरकत से दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर न खींच पाएँ, इसके लिए चीन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। ओलिम्पिक स्टेडियम विशेष सुरक्षा के घेरे में रहेगा।

82 संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी : मुस्लिम बहुल अशांत उत्तरपश्चिमी क्षेत्र से इस वर्ष 82 संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी होने के साथ ही चीन ने दावा किया कि उसने बीजिंग ओलिम्पिक पर हमला करने की योजना बनाने वाले पाँच आतंकी समूहों को नष्ट कर दिया है। इस घटना के बाद बीजिंग पुलिस पहले से कहीं अधिक सचेत हो गई है और वह खिलाड़ियों की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरत रही है।

बीजिंग में अत्याधुनिक सुविधाएँ : ओलिम्पिक खेलों के लिए आयोजन समिति ने विशेष सुविधाएँ मुहैया कराई हैं। पर्यटकों को भाषा की परेशानी नहीं हो, इसलिए चीन के स्वयंसेवकों को कामचलाऊ अंग्रेजी भाषा सिखाई गई है। हर 11 कदम पर एक स्वयंसेवक मौजूद रहेगा, जो आने वालों के साथ बेहद विनम्रता के साथ पेश आएगा। चीन पूरी दुनिया के सामने बीजिंग की यह छवि पेश करना चाहता है कि इससे अच्छा शहर विश्व में और कहीं नहीं है।

कम्प्यूटराइज्ड चैकिंग : ओलिम्पिक खेलों के दौरान सड़क, स्टेडियम और पोस्ट ऑफिसों में कम्प्यूटराइज्ड चैकिंग की व्यवस्था होगी। कोई भी व्यक्ति पोस्ट ऑफिस के जरिए पावडर या अन्य तरल पदार्थ नहीं भेज पाएगा। इसके साथ आतंकवादी विरोधी ग्रुप सक्रिय रहेगा।

उड़ाने भी प्रतिबंधित रहेंगी : चीन इन खेलों के प्रति कितना सजग है, इसका अंदाज आप इसी से लगा सकते हैं कि जब स्टेडियमों के भीतर खेल स्पर्धाएँ चल रहीं होंगी, तब उनके ऊपर से विमान भी उड़ान नहीं भर सकेंगे। चीन ने स्पर्धाओं के समय सभी उड़ानों को प्रतिबंधित करने का फैसला लिया है।

भिखारियों को छोड़ा 400 किलोमीटर दूर : चीन दुनिया के सामने अपनी नई छवि पेश करना चाहता है। बीजिंग साफ-सुथरा रहे, सड़कें चमचमाती रहे, कारें प्रदूषण नहीं फैलाएँ (20 जुलाई से 20 लाख कारें सड़कों से गायब रहेंगी) इन तमाम बातों का विशेष खयाल रखा जा रहा है। चीन ने अभी से बीजिंग की सड़कों पर भीख माँगने वाले भिखारियों को पकड़कर 400 किलोमीटर दूर फेंक दिया है। साथ ही यह हिदायत भी दी है कि वे दोबारा बीजिंग में दिखाई दिए तो उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

ओलिम्पिक में सिगरेट प्रतिबंधित : ओलिम्पिक खेलों के दौरान कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक रूप से सिगरेट के कश नहीं ले सकेगा। चीन ने इसके लिए बाकायदा जाहिर सूचनाएँ भी दी हैं। इसके बाद भी कोई विदेशी अनजाने में सिगरेट पीने की तलब नहीं छोड़ पाता है तो स्वयंसेवक विनम्रता से उसे ऐसा करने से रोक देंगे।
वीडियो : पी. सुनीथा