मुंबई इंडियन्स के हाथों सात विकेट की करारी पराजय से कुछ निराश नजर आ रहे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वॉर्न ने स्वीकार किया कि उनकी टीम इस मैच में हर लिहाज से मुंबई टीम से पिछड़ी रही।
वॉर्न ने मैच के बाद कहा कि लगातार पाँच मैच जीतने के बाद मैच हार जाना हमारे लिए निराशानजक रहा। मुझे लगता है कि मुंबई इंडियन्स के खिलाड़ियों ने इस मैच में जो प्रदर्शन किया, वह शानदार था और हम उसका मुकाबला नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि विकेट में जरूर कुछ उतार-चढ़ाव था।
लेकिन यह सौ रन का विकेट नहीं था। हमें 150 के आसपास का स्कोर खड़ा करना चाहिए था। हमारे बल्लेबाज खेल के मूलभूत सिद्धांतों पर नहीं टिके रह पाए और गेंद की लाइन के विपरीत शॉट मारने की कोशिश में अपने विकेट गँवाए। वॉर्न ने साथ ही कहा कि इस मैच की गलतियों से खिलाड़ी सबक सीखेंगे और उनकी कोशिश रहेगी कि आगे के मैचों में ऐसे गलतियों से बचा जाए।
|