लगातार तीन जीत के बाद मुंबई इंडियन्स के फिर से पटरी पर लौट आने से बेहद खुश कप्तान शान पोलाक ने कहा है कि उनकी टीम को अब सचिन तेंडुलकर की धमाकेदार पारियों का इंतजार है जिनके अगले मैच तक फिट हो जाने की संभावना है।
तेंडुलकर लगातार सातवें मैच में नहीं खेल पाए जिसमें मुंबई इंडियन्स ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर उसके लगातार पाँच मैच जीतने के विजय अभियान पर भी रोक लगाई।
पोलाक ने कहा कि पूरी टीम फिर से जीत के ढर्रे पर लौटकर बहुत खुश है और उसे अब केवल तेंडुलकर की वापसी और उनकी बड़ी पारियों का इंतजार है। हमें आशा है कि वह एक सप्ताह में पूरी तरह फिट होकर अगले मैच के लिए टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार रहेंगे।
मुंबई इंडियन्स को अपना अगला मैच एक सप्ताह बाद 14 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेलना है।
तेंडुलकर की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभाल रहे पोलाक ने कहा कि राजस्थान को शुरू में झटके देने से उनकी टीम का काम आसान हो गया था। उन्होंने कहा कि हमने शुरू में ही विकेट हासिल कर लिए थे जिससे राजस्थान दबाव में आ गया था। यह हमारी टीम प्रयास और प्रतिबद्धता की जीत है। हमने टूर्नामेंट की दो मजबूत टीमों राजस्थान और दिल्ली को हराकर शानदार वापसी की है।
|