दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने उम्मीद जताई है कि उनके शीर्षक्रम का शानदार फॉर्म इंडियन प्रीमियर लीग में कल के मैच में भी बरकरार रहेगा, जिससे उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स पर बढ़त मिलेगी।
सहवाग के शीर्ष तीन बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। इनमें वह खुद, गौतम गंभीर और रजत भाटिया शामिल हैं। सहवाग ने कहा कि ट्वेंटी-20 में जब भी शीर्षक्रम अच्छा प्रदर्शन करता है जीत की संभावना बढ़ जाती है। यह सभी टीमों पर लागू होता है और खुशकिस्मती से मेरी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे शीर्षक्रम ने छह में से चार मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उम्मीद है कि बाकी मैचों में हमारे शीर्ष तीन में से कम से कम एक बल्लेबाज जरूर चलेगा।
डेयरडेविल्स ने एक हफ्ता पहले चेन्नई सुपर किंग्स को उनकी धरती पर हराया था, लेकिन सहवाग ने कहा कि विरोधी को हलके में लेना भारी पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि सुपर किंग्स को अब टीम संयोजन बनाने में दिक्कत हो रही है। पहले वे 200 से ज्यादा रन बना रहे थे लेकिन यह फार्म कायम नहीं रख सके।
उन्होंने कहा कि लेकिन वह टीम कमजोर नहीं है। मैं पहले भी कह चुका हूँ कि इतने छोटे मैच में किसी भी दिन कोई भी खिलाड़ी अकेले ही मैच का रुख बदल सकता हैं। सहवाग को कुछ मौकों पर मध्यक्रम के नाकाम रहने की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि दो बार ही वे विफल रहे और ट्वेंटी-20 क्रिकेट में ऐसा होता है। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। यदि हम कल पहले फील्डिंग करेंगे तो उन्हें कम स्कोर पर रोकने की पूरी कोशिश करेंगे।
सहवाग ने कहा कि गर्मी के कारण गेंदबाजों के लिए कल कठिनाई होगी। उन्होंने हालाँकि टूर्नामेंट के शेड्यूल में किसी गड़बड़ी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चार बजे तापमान बहुत अधिक होता है और गेंदबाजों को बहुत मुश्किल पेश आएगी।
सहवाग ने कहा कि टीम प्रबंधन खिलाड़ियों को रोटेट करने की कोशिश में है ताकि सभी को मौका मिल सके।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम को न्यूजीलैंड के स्पिनर डेनियल विटोरी की कमी नहीं खल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में धीमे गेंदबाज के रूप में शोएब मलिक और मैं खुद हूँ।
|