चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बेशक पिछले तीन मैच हार चुकी है, लेकिन गुरुवार के मैच में हम उसे हलका आँकने की गलती नहीं करेंगे।
दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने मैच की पूर्व संध्या पर फिरोजशाह कोटला मैदान में अभ्यास सत्र के बाद बुधवार को कहा कि ट्वेंटी-20 एक ऐसा फारमेट है, जिसमें आप किसी भी टीम को कमजोर नहीं आँक सकते। मैच के दिन जो टीम अच्छा खेलेगी, वही जीतेगी।
उन्होंने कहा हमें यह ध्यान रखना होगा कि धोनी की टीम ने अपने शुरुआती चार मैच लगातार जीते थे। यदि चेन्नई को हराना है तो हमें पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करना होगा।
चेन्नई की लगातार चार जीत के बाद तीन मैच हारने को लेकर पॉकेट डायनामाइट ने कहा कि मैं पहले भी कहता रहा हूँ कि इस टूर्नामेंट में किसी टीम का लगातार जीतना मुमकिन नहीं है। ट्वेंटी- 20 छोटा गेम है। इसमें कुछ ओवरों में सारा मैच बदल जाता है।
चेन्नई की तीन लगातार पराजयों के लिए दिल्ली के कप्तान ने कहा शुरुआती मैचों मे जो बढ़िया कॉम्बिनेशन चेन्नई के पास था वह हेडन, हसी और ओरम जैसे खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने से बिगड़ गया।
इन मैचों में वे 180 से 200 रन बनाकर विपक्षियों को दबाव में ला रहे थे, लेकिन पिछले तीन मैचों में ऐसा नहीं हो सका और चेन्नई टीम प्रतिद्वंदी के सामने छोटा स्कोर ही खड़ा कर सकी।
गुरुवार के मैच की अपनी रणनीति के बारे में सहवाग ने कहा हमारी कोशिश रहेगी कि हम उन्हें कम स्कोर पर ही रोक लें, क्योंकि ट्वेंटी-20 में 200 से ज्यादा स्कोर के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो जाता है।
दिल्ली के मध्यक्रम के दबाव में टूट जाने के बारे में सहवाग ने कहा हमारे छह मैचों में दो ही बार ऐसे मौके आए हैं, जब मध्यक्रम को उतरना पड़ा। उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिल पाना भी इसकी वजह रही। मुझे उम्मीद है कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, हमारे बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
सहवाग ने माना कि उनके टॉप ऑर्डर पर अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने कहा यदि टॉप आर्डर चलता है तो उन्हें चेन्नई के खिलाफ मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा इस टूर्नामेंट में यह देखा गया है कि जिन टीमों के ओपनर चले हैं, वे टीमें जीती हैं, क्योंकि टॉप आर्डर नहीं चलने से मध्यक्रम पर रन गति बढ़ाने का दबाव आ जाता है।
उन्होंने कहा इस मैच में मौसम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। मैच दिन में होगा और राजधानी की तेज गर्मी का काफी असर रहेगा। गेंदबाजों को तेज गर्मी में संघर्ष करना पड़ सकता है, लेकिन राहत की बात यही होगी कि इस मैच में ओस की कोई भूमिका नहीं होगी।
माही के खेल से वाकिफ हूँ - प्रतिद्वंदी कप्तान धोनी के लिए सहवाग ने कहा मैं उनकी कप्तानी में कई मैच खेल चुका हूँ और उनका खेल अच्छी तरह जानता हूँ लेकिन ट्वेंटी-20 एक अलग किस्म का खेल है। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम ही जीतती है। हार-जीत किसी के हाथ में नहीं होती। जीतता वही है, जो अच्छी क्रिकेट खेलता है।
सहवाग ने कहा कि हमने दूसरी टीमों के लगभग सभी मैच देखें हैं और हम उनके मजबूत और कमजोर पक्षों के बारे में अच्छी तरह जानते हैं। चेन्नई टीम के कमजोर पहलू के बारे में भी हमें जानकारी है और हम उसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
|