मुख्य पृष्ठ > खेल-संसार > आईप‍ीएल लीग > समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
जंग लड़ेंगे दिल्ली और चेन्नई
दिल्ली डेयर डेविल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुरुवार को जब फिरोजशाह कोटला पर आमने-सामने होंगी तो दोनों का एक ही मकसद होगा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ट्वेंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में फिर से विजयी पथ पर लौटना।

डेयर डेविल्स और सुपर किंग्स दोनों ने शानदार आगाज किया था, लेकिन फिलहाल दोनों ही को हार का क्रम तोड़ने के लिए एक- दूसरे का मुकाबला करना होगा। दिल्ली के विजय अभियान पर पिछले मैच में मुंबई इंडियन्स ने रोक लगाई थी, जब उसने वीरेंद्र सहवाग की टीम को 29 रन से हराया था।

महेंद्रसिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई टीम तो लगातार तीन मैच गँवाने के बाद दिल्ली पहुँची है, जहाँ उसे कोटला की स्थानीय टीमों के लिए मददगार रही पिच पर कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। चेन्नई सुपर किंग्स को ऑस्ट्रेलियाई मैथ्यू हेडन और माइकल हसी तथा न्यूजीलैंड के जैकब ओरम की बहुत कमी खल रही है।

जब तक यह तीनों खिलाड़ी उसकी टीम में थे तब तक उसने लगातार चार मैच अपनी झोली में डाले, लेकिन तब से वह जीत के लिए तरस गई है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग अब तक हेडन या हसी की भरपाई करने में नाकाम रहे हैं।

शीर्ष क्रम में फ्लेमिंग और पार्थिव पटेल का लगातार लचर प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है जबकि मध्यक्रम में धोनी के अलावा सुरेश रैना और एस. बद्रीनाथ से भी टीम को अच्छे प्रदर्शन की आस है।

धोनी ने स्वीकार किया कि यदि उनकी टीम को जीत दर्ज करनी है तो बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी बल्लेबाजी क्लिक नहीं कर पाई है। शीर्ष क्रम के न चलने से मध्यक्रम पर दबाव बन रहा है और हमें इस पर विचार करना होगा।

धोनी ने हालाँकि टीम संयोजन में किसी तरह के बदलाव के संकेत नहीं दिए लेकिन पार्थिव को इस मैच से बाहर रखे जाने की संभावना है। उनके स्थान पर विद्युत शिव रामाकृष्णन को फिर से अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है जो मंगलवार को हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ टीम में नहीं थे।

डेयर डेविल्स के सामने ऐसी कोई परेशानी नहीं है लेकिन कोटला की स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाने वाली पिच पर उसे डेनियल विटोरी की कमी महसूस हो सकती है, जिन्होंने न्यूजीलैंड टीम से जुड़ने के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले काफी अच्छा प्रदर्शन किया।

सहवाग की टीम वैसे गेंदबाजी को लेकर परेशान नहीं है क्योंकि ग्लेन मैग्राथ की अगुवाई में उसके सभी तेज गेंदबाजों ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। मैग्राथ के अलावा मोहम्मद आसिफ परवेज महरूफ या महेश और यहाँ तक कि रजत भाटिया का प्रदर्शन अच्छा रहा है।

दिल्ली की टीम की अगर कोई चिंता है तो वह मध्यक्रम की असफलता है। सहवाग और गौतम गंभीर ने टीम को अधिकतर अच्छी शुरुआत दी है, लेकिन इन दोनों में से जब भी कोई एक असफल रहा तो मध्यक्रम के बल्लेबाज विशेषकर शोएब मलिक, एबी डिविलियर्स, दिनेश कार्तिक और भाटिया जिम्मेदारी को अच्छी तरह से नहीं निभा पाए।

डेयर डेविल्स के बल्लेबाज नियमित अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे है। मैग्राथ भी इस बात को स्वीकार करते है। उन्होंने इस मैच के लिए टीम की रणनीति के बारे में कहा कि अगले मैच के लिए हमारी रणनीति‍ साफ है। वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं और अपनी रणनीति को सही तरह से लागू करना हमारी प्राथमिकता होगी।

डेयर डेविल्स को अब तक जिन दो मैच में हार का सामना करना पड़ा उसमें उसके मध्यक्रम के बल्लेबाजों का अपेक्षानुरूप प्रदर्शन नहीं रहा। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ उसकी टीम 158 रन ही बना पाई तो मुंबई के सामने 133 रन पर सिमट गई।

बहरहाल, कोटला में अब तक दिल्ली का प्रदर्शन अच्छा रहा है और उसने राजस्थान रॉयल्स और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स को आसानी से मात दी है। पिच फिर से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल दिख रही है और दर्शक निश्चित तौर पर यहाँ सहवाग एंड कंपनी से बड़ी पारी की आस करेंगे।

यदि सभी बल्लेबाज पिच के मिजाज के हिसाब से प्रदर्शन करते हैं तो दर्शकों को विशेषकर सहवाग, गंभीर और धोनी की तूफानी पारियों का लुत्फ उठाने का मौका मिल सकता है।

दिल्ली में यह एकमात्र मैच होगा जो शाम को 4 बजे शुरू होगा। दिल्ली का मौसम कुछ सुहावना जरूर हुआ है लेकिन यदि धूप रहती है तो खिलाड़ियों के लिए 40 डिग्री से अधिक तापमान में शुरू में सूर्य देवता से पार पाना भी आसान नहीं होगा।
और भी
ग्लेन मैग्राथ ने आईपीएल को सराहा
बृजेश पटेल बेंगलोर रॉयल के नए सीईओ
गिलक्रिस्ट ने रोहित से ली प्रेरणा
आईपीएल की पेशकश ठुकराई-बोपारा
डेक्कन चार्जर्स को गिलक्रिस्ट ने जिताया
तेंडुलकर का खेलना तय नहीं