पाकिस्तान के पूर्व कप्तानों और खिलाड़ियों ने मोहम्मद यूसुफ को पाकिस्तान क्रिकेट टीम का कप्तान और कामरान अकमल को उपकप्तान नियुक्त करने पर मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
यूनुस खान को कप्तानी से हटाने के अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बुद्धिमतापूर्ण फैसला किया है और उसे यूसुफ को लंबी अवधि के लिए कप्तान नियुक्त कर देना चाहिए।
इंजमाम ने कहा कि यूसुफ जैसे सीनियर खिलाड़ी को केवल एक श्रृंखला के लिए कप्तान नियुक्त करना सही नहीं होगा। मेरा मानना है कि यूसुफ को अगले विश्वकप तक कप्तान बनाना पाकिस्तान क्रिकेट के हित में होगा।
पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि यदि यूनुस ने न्यूजीलैंड श्रृंखला से बाहर रहने का स्वयं फैसला किया तो यह सही है। उन्होंने कहा कि यदि उनका यह अपना फैसला है तो यह सही है, क्योंकि वे अभी कप्तानी या बल्लेबाजी पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, लेकिन यदि बोर्ड ने खिलाड़ियों के दबाव में उन्हें हटाया तो इसका भविष्य में पाकिस्तानी क्रिकेट में नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
पूर्व स्पिनर अब्दुल कादिर का मानना है यूसुफ और अकमल विश्वकप तक पाकिस्तानी टीम की अगुवाई करने के लिए आदर्श खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यूसुफ सीनियर खिलाड़ी हैं और उन्हें इंजमाम उल हक के संन्यास लेने के बाद ही कप्तान बनाया जाना चाहिए था, लेकिन कम से कम अब बोर्ड ने सही कदम उठाया है और उन्हें लंबी अवधि के लिए कप्तान नियुक्त करना चाहिए।
पूर्व टेस्ट सलामी बल्लेबाज और कप्तान आमिर सोहेल ने कहा कि कप्तानी में बदलाव पाकिस्तानी क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि यह बोर्ड कितना कमजोर है। मैं आशा कर रहा था कि चीजों में सुधार हो रहा है, लेकिन इन फैसलों का आकलन करने से लगता है कि मुद्दे और जटिल होते जाएँगे।
पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने इस पूरे घटनाक्रम को पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बुरा करार दिया। उन्होंने कहा कि कोई क्या कह सकता है। मुझे लगता है कि बदलाव खिलाड़ियों के दबाव में किया गया, लेकिन यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है। यह मसला यहीं समाप्त नहीं होगा। यह आगे भी चलता रहेगा, क्योंकि बोर्ड कड़े फैसले नहीं कर रहा है।
पूर्व तेज गेंदबाज सरफराज नवाज का मानना है कि यूनुस को आगे कप्तान नहीं बनाना चाहिए और उन्हें केवल सीनियर बल्लेबाज के तौर पर ही टीम में जगह देनी चाहिए। (भाषा)