ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो मैचों में रविंदर जडेजा के गलत समय पर रन आउट होने के बावजूद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इस प्रतिभावान हरफनमौला का बचाव करते हुए कहा कि वह अपनी गलतियों से सीखेगा।
धोनी ने अभ्यास सत्र के बाद कहा‘जडेजा श्रृंखला में अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। ज्यादा अनुभव के साथ वह बल्लेबाज के तौर पर परिपक्व होगा। वह गलतियों से सीख रहा है ।’
अब तक पाँच मैचों में छह विकेट ले चुके जडेजा ने कोच गैरी कर्स्टन के साथ करीब आधा घंटा बल्लेबाजी तकनीक पर मेहनत की।
वहीं स्पिनर अमित मिश्रा को सचिन तेंडुलकर ने टिप्स दिए। वीरेंद्र सहवाग ने अभ्यास नहीं किया।
नेहरू स्टेडियम की पिच को देखते हुए रविवार को मुनाफ पटेल की जगह मिश्रा खेल सकते हैं।(भाषा)