गुवाहाटी (भाषा) , शनिवार, 7 नवंबर 2009( 18:41 IST )
भारत के खिलाफ सात मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला में 3-2 की बढ़त बनाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई उप कप्तान माइकल हसी ने कहा कि उनकी टीम रविवार को गुवाहाटी में होने वाले छठे वनडे में जीत दर्ज कर श्रृंखला यहीं जीतने को प्रतिबद्ध हैं।
हसी ने मैच के रोमांचक होने की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि उनकी टीम मुंबई में अंतिम मैच के बजाय कल यहीं श्रृंखला समाप्त करने के लिए खुद को प्रेरित कर रही है।
हसी ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि मुझे लगता है किमैच काफी करीबी होगा, लेकिन अब हमारी यही कोशिश है कि हम यहाँ श्रृंखला अपने नाम कर सकें। हम हैदराबाद में मिली रोमांचक जीत के खुमार से बाहर निकल रहे हैं और उम्मीद है कि यही लय कल के मैच में जारी रख सकें।
उन्होंने कहा कि हम लंबे समय का लक्ष्य नहीं बनाए हैं, लेकिन कल यहाँ होने वाले मैच की जीत से हम श्रृंखला जीत लेगे और इसके बाद हम आईसीसी रैंकिंग में भी अपना शीर्ष स्थान मजबूत कर लेंगे।
गुवाहाटी की पिच की परिस्थितियाँ हालाँकि अनिश्चित लग रही हैं क्योंकि यहाँ एक दिवसीय मैच का आयोजन दो साल बाद हो रहा है। पिछली बार यहाँ भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होना था, लेकिन 26 नवंबर को हुए मुंबई आतंकवादी हमले के बाद यह मैच रद्द हो गया।
हसी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम टॉस गंवाकर खुश होगी। मैं यहाँ कभी नहीं खेला हूँ, इसलिए यहाँ की परिस्थितियों को नहीं जानता। मुझे लगता है कि पहले 10 ओवर महत्वपूर्ण होंगे। अगर हम पहले बल्लेबाजी करते हैं तो हमें सतर्क होना पड़ेगा। लेकिन हमें गेंदबाजी मिलती है तो हमें शुरू में कुछ विकेट चटकाने होंगे।