भारतीय कप्तान सौरव गांगुली आईपीएल टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण में कोलकाता नाइटराइडर्स की सफलता के लिए नवनियुक्त कोच डेव व्हाटमोर के साथ मिलकर काम करने को बेहद उत्सुक हैं। गांगुली को दोबारा अभिनेता शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स की कमान सौंपी गई है।
गांगुली ने कहा टीम में नई नियुक्तियों और नई रणनीति के साथ केकेआर अगले संस्करण में अपना परचम लहराने को बेहद उत्सुक है। मैं डेव और अन्य नवनियुक्त सदस्यों के साथ मिलकर टीम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना चाहता हूँ।
केकेआर ने सभी अटकलों को विराम लगाते हुए गुरुवार को श्रीलंका और बंगलादेश के पूर्व क्रिकेट कोच ऑस्ट्रेलिया के व्हाटमोर को टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण के लिए अपना कोच नियुक्त करने की घोषणा की थी। इस दौड़ में भारत के पूर्व कोच जॉन राइट, रिचर्ड पाइबस, डरमोट रीव, डंकन फ्लेचर, लालचंद राजपूत, डब्ल्यू वी. रमन और अशोक मल्होत्रा शामिल थे।
व्हाटमोर को अगले वर्ष होने वाले आईपीएल के तीसरे संस्करण के लिए कोच नियुक्त किया गया है।
दिल्ली के पूर्व विकेटकीपर विजय दहिया को टीम का सहायक कोच और पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज वसीम अकरम को पथप्रदर्शक बनाया गया है। एंड्रयू लीपस फीजियोथेरेपिस्ट और एड्रियन ली रूक्स को टीम ट्रेनर होंगे। (वार्ता)