पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को लगता है कि शाहिद अफरीदी कप्तान के तौर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहते हैं और उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए इस आलराउंडर को ट्वेंटी-20 के साथ एकदिवसीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंप देनी चाहिए।
इंजमाम की टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब पाकिस्तानी टीम अबुधाबी और दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 श्रृंखला खेल रही है, जिसमें यूनिस खान 50 ओवरों के प्रारूप में टीम की कमान संभाल रहे हैं, जबकि ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान अफरीदी हैं।
इंजमाम ने कहा कि मुझे लगता है कि ट्वेंटी-20 का कप्तान बनकर शाहिद ने दिखा दिया है कि वे खिलाड़ी के तौर पर भी अब परिपक्व और जिम्मेदार हो गए हैं।
इंजमाम ने पाकिस्तान की ओर से 120 टेस्ट और 378 एक दिवसीय मैच खेले हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड को अगले 2011 विश्व कप तक अफरीदी को एकदिवसीय टीम का कप्तान बना देना चाहिए। (भाषा)