दो साल बाद टेस्ट मैचों में वापसी करने में जुटे पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ ने कहा कि वह इस महीने के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके बीते समय की भरपाई करने की कोशिश करेंगे।
डोप में फँसे आसिफ ने कहा कि मैं न्यूजीलैंड में नहीं खेला हूँ, लेकिन वहाँ की परिस्थितियों और पिचों के बारे में काफी सुना है। उम्मीद है कि अगर मुझे मौका मिला तो मैं प्रभाव डालने में सफल रहूँगा।
उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य इस समय केवल क्रिकेट है और मैं बीते समय की भरपाई करने की कोशिश करूँगा। आसिफ को 24 नवंबर से शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए चुना गया है और इस गेंदबाज ने कहा कि वह घरेलू क्रिकेट की अपनी फॉर्म को बरकरार रखने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि मैंने पाकिस्तान की ओर से टेस्ट मैच दो साल पहले खेला था। अच्छी बात यह है कि मैं लगातार कायदे आजम ट्रॉफी मैचों में खेल रहा हूँ, जिससे मुझे अपनी लय और फार्म हासिल करने में मदद मिली और मेरा आत्मविश्वास लौटा है। (भाषा)