भारत और श्रीलंका के बीच कानपुर में होने वाले दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेने पहुँची श्रीलंका की क्रिकेट टीम के सुरक्षा सलाहकार ने ग्रीन पार्क स्टेडियम का दौरा करने के बाद कहा कि खुफिया एजेंसियों को मिल रही जानकारी के बाद सुरक्षा को और अधिक हाईटेक बनाना चाहिए।
श्रीलंका क्रिकेट टीम के सुरक्षा सलाहकार लारेंस फर्नाडो ने कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के बाद आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मीडिया में खुफिया एजेंसियों के हवाले से ऐसी खबरें आ रही है कि भारत श्रीलंका क्रिकेट श्रंखला के दौरान आतंकी हमले की आशंका है।
लेकिन हमें नही लगता है कि ऐसा कुछ हो सकता है क्योंकि हमने अभी अहमदाबाद और गुरुवार को कानपुर का दौरा किया है और दोनों स्थानों पर खिलाड़ियों के रूकने वाले होटलों और स्टेडियमों का जायजा लिया और दोनों स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि लेकिन इस सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक हाईटेक बनाने की आवश्यकता है।
उनसे जब पूछा गया कि जिस तरह से पाकिस्तान में श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर आतंकी हमला हुआ था क्या भारत में वैसे किसी हादसे के बारे में उन्हें कोई खुफिया सूचना मिली है? इस पर फर्नाडो ने जवाब दिया कि जिस समय पाकिस्तान में श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर हमला हुआ था, वह उस समय टीम के साथ नहीं थे लेकिन भारत में ऐसे हालात नहीं है। (भाषा)