बीसीसीआई ने भले ही पाकिस्तान के साथ जल्द क्रिकेट शुरू करने की संभावना को नकार दिया हो लेकिन पीसीबी प्रमुख एजाज बट को भरोसा है कि दोनों देश अगले साल की शुरुआत में द्विपक्षीय श्रृंखला में एक दूसरे का सामना कर सकते हैं फिर चाहे यह तटस्थ स्थान पर हो।
भारत के दौरे से कल लौटे बट ने लाहौर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि भारत के खिलाफ अगले साल द्विपक्षीय श्रृंखला हो सकती है।
बट ने कहा मुझे लगता है कि मौजूदा हालात में द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध शुरू करने का एकमात्र जरिया तटस्थ स्थान पर खेलना है जो दोनों टीमों को स्वीकार्य हो।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने हालाँकि हाल में साफ कर दिया था कि भारतीय टीम के व्यस्त कार्यक्रम के कारण उन्हें द्विपक्षीय श्रृंखला जल्द ही शुरू होने की संभावना नजर नहीं आती।
बीसीसीआई ने साथ ही जोर देकर कहा था कि द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध तभी संभव हैं जब दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्ते सुधरें। (भाषा)