नई दिल्ली (भाषा), मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 19:36 IST )
PTI
चोटों की समस्या से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को एक और झटका लगा जब मोहाली में भारत के खिलाफ चौथे एकदिवसीय के दौरान माँसपेशियों में खिंचाव से परेशान तेज गेंदबाज पीटर सिडल स्वदेश लौटने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
सीए ने एक बयान में कहा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आज पुष्टि करता है कि मोहाली में चौथे एकदिवसीय मैच में सोमवार की रात भारत पर जीत के दौरान माँसपेशियों में खिंचाव का सामना करने वाले तेज गेंदबाज पीटर सिडल ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे से स्वदेश लौटेंगे।
ऑस्ट्रेलिया की 24 रन की जीत के दौरान कल रात सिडल ने केवल पाँच ओवर गेंदबाजी की और फिजियो केविन सिम्स ने कहा है कि चोट भले ही काफी गंभीर नहीं है लेकिन वह इस तेज गेंदबाज की फिटनेस के साथ जोखिम नहीं लेना चाहते।
सिम्स ने कहा कि पीटर की चोट गंभीर नहीं लगती लेकिन इसकी संभावना नहीं है कि वह अगले हफ्ते तक गेंदबाजी कर पाएगा जिसके कारण वह दौरे में आगे हिस्सा नहीं ले पाएगा।
सिम्स ने कहा कि इसे देखते हुए हमने फैसला किया कि पीटर ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे, जहाँ किकेट ऑस्ट्रेलिया का मेडिकल स्टाफ उनका उपचार करेगा, जिससे कि वह आगामी श्रृंखलाओं के लिए उपलब्ध रह सके। सीए का राष्ट्रीय चयन पैनल फिलहाल सिडल के विकल्प पर विचार कर रहा है और इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।
मौजूदा श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया को चोटों की समस्या ने काफी परेशान किया है। टीम इस दौरे पर चोटिल उपकप्तान माइकल क्लार्क, नाथन ब्रैकन और ब्रैड हेडिन के बिना आई थी जबकि दौरे के दौरान तेज गेंदबाज ब्रेट ली, ऑलराउंडर जेम्स होप्स और विकेटकीपर टिम पैन चोटिल होने के कारण स्वदेश लौट चुके हैं।