ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए वेस्टइंडीज की मजबूत टीम के चयन से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी राहत की सांस ली है। कैरेबियाई टीम इस माह के अंत में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर आएगी।
वेस्टइंडीज ने कप्तान क्रिस गेल और सीनियर खिलाड़ियों शिवनारायण चंद्रपाल, रामनरेश सरवन और ड्वेन ब्रावो को टीम में शामिल किया गया है। ये सभी खिलाड़ी वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के साथ अनुबंध विवाद के कारण बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला और चैंपियन्स ट्राफी में नहीं खेले थे।
ऑस्ट्रेलियाई दौरे में वेस्टइंडीज तीन टेस्ट, ट्वेंटी-20 और एकदिवसीय मैच खेलेगी। सीए के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा कि हमने हाल में वेस्टइंडीज की टीम को बांग्लादेश और अन्य टीमों के खिलाफ संघर्ष करते हुए देखा और यह बड़ी राहत की बात है कि वह अपनी मजबूत टीम यहाँ भेज रहे हैं। मुझे पक्का विश्वास है कि उसकी टीम यहाँ अच्छा प्रदर्शन करेगी।