रिकॉर्डों के पर्याय बन चुके चैम्पियन बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर एक दिवसीय क्रिकेट में 17000 रन पूरे करने से सिर्फ सात रन से चूक गए, जब श्रीलंकाई अंपायर अशोक डिसिल्वा ने नाथन हौरिट्ज की गेंद पर उन्हें गलत पगबाधा आउट दे दिया।
अपना 434वाँ वनडे खेल रहे सचिन को 17000 का आँकड़ा छूने के लिए 47 रन की जरूरत थी। बड़ी पारी खेलने की ओर अग्रसर दिख रहे सचिन ने 68 गेंद में छह चौकों की मदद से 40 रन बना लिए थे और लग रहा था कि आज ही वे सत्रह हजारी बन जाएँगे।
अंपायर डिसिल्वा ने हालाँकि हौरिट्ज की जिस गेंद पर उन्हें आउट दिया, टीवी रिप्ले के अनुसार वह स्टम्प के बाहर से जा रही थी। सचिन अंपायर के इस पैसले पर हैरान मैदान छोड़कर चले गए।
अब उन्हें गुरुवार को हैदराबाद में होने वाले पाँचवें वनडे तक इंतजार करना होगा। 1989-90 में वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सचिन के 434 मैच में 44.25 की औसत से 16993 रन है, जिसमें 44 शतक और 91 अर्द्धशतक शामिल हैं।
टेस्ट क्रिकेट में भी सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड सचिन के नाम हैं, जिन्होंने 159 मैचों में 54.58 की औसत से 12773 रन बनाए हैं। इसमें 42 शतक और 53 अर्द्धशतक शामिल हैं।
वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में श्रीलंकाई धुरंधर सनथ जयसूर्या (13377) दूसरे और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग (12241) तीसरे स्थान पर हैं।