अपने पहले ही टेस्ट में शतक जमाने वाले इंग्लैंड के नए स्टार बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट ने कहा है कि उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से एशेज श्रृंखला में टीम की जीत अधिक महत्वपूर्ण है।
ट्रॉट ने ओवल टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा कि मैच शुरू होने से पहले से ही मेरे लिए जीत बहुत महत्वपूर्ण थी और अब भी है। निजी उपलब्धि तो बोनस की तरह है। मैंने टीम के लिए जो योगदान दिया उससे मैं खुश हूँ।
एशेज श्रृंखला के आखिरी और निर्णायक टेस्ट के लिए रवि बोपारा की जगह टीम में शामिल किए गए 28 वर्षीय ट्रॉट ने दूसरी पारी में 119 रन की शानदार पारी खेली जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के समक्ष जीत के लिए 546 रन का विशाल लक्ष्य रखा है।
दक्षिण अफ्रीका में जन्मे दाहिने हाथ के बल्लेबाज ट्रॉट ने अपनी शतकीय पारी के बारे में कहा कि दूसरे छोर पर ग्रीम स्वान जैसे बल्लेबाजों ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए उन पर से दबाव कम कर दिया था।
उन्होंने कहा कि दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाजों ने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया जिससे मुझ पर से दबाव हट गया। मैं एक छोर पर टिका रहा। हालाँकि यह सब इतना आसान नहीं था।
उन्होंने कहा कि रविवार का दिन मेरे लिए बहुत शुभ रहा। आखिरकार इस दिन के लिए मैंने पूरी जिंदगी पसीना बहाया है। मैंने तीन वर्ष की उम्र में अपने पिता के साथ नेट पर खेलना शुरू किया, जिसका फल मुझे अब जाकर मिला।
ट्रॉट ने दो वर्ष पहले इंग्लैंड के लिए ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिल पाई, लेकिन घरेलू स्तर पर दमदार प्रदर्शन के बल पर वे आखिरकार राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने में सफल रहे।
उन्होंने कहा कि मैंने अपने खेल में सुधार लाने के लिए एशले जाइल्स का सहारा लिया और काउंटी क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। इसी की बदौलत में राष्ट्रीय टीम में जगह बना सका।