मेलबर्न (भाषा), सोमवार, 24 अगस्त 2009( 10:41 IST )
एशेज पर ऑस्ट्रेलिया के ढीले होते शिकंजे के बीच विवादास्पद ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स ने विश्व चैम्पियन की टीम संस्कृति की आलोचना की जिसके कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम से बाहर होना पड़ा।
टेलीविजन पर एशेज श्रृंखला के टेस्ट मैच देख रहे साइमंड्स ने कहा टीम के कठोर नियम अब भी उन्हें सताते हैं।
उन्होंने ‘द डेली टेलीग्राफ’ से कहा,‘मुझे लगता है कि आप अपने हिसाब से चलना चाहेंगे लेकिन मैं जैसा हूँ मेरे हिसाब से अगर आप पब में बैठकर बियर पीते हुए फुटबॉल मैच नहीं देख सकते, अगर इससे टीम के नियम और सौहार्द प्रभावित होता है, तो फिर मेरे लिए टीम में अब कोई जगह नहीं है।’
साइमंड्स ने कहा कि हालाँकि ऑस्ट्रेलियाई टीम से उन्हें जिस तरह बाहर किया गया उससे वे निराश हैं लेकिन वे अब भी बैगी ग्रीन पहनने के हकदार हैं। उन्होंने कहा,‘जब मेरी टीम में वापसी हुई (इंग्लैंड में टी20 टूर्नामेंट के लिए) तो मैंने कड़ी ट्रेनिंग की, मैं स्वयं को वहाँ ले गया जहाँ मुझे होना चाहिए। इसके बाद कुछ अनचाही घटना हुई और मुझे घर वापस भेज दिया गया।’
सामइंड्स ने कहा कि जब मेरी वापसी हुई तो मुझे पता था कि मेरे अंदर अब भी टेस्ट मैच खेलने का जज्बा है, नहीं तो मैं ट्रेनिंग नहीं करता। मैं दोबारा फिट होने का प्रयास नहीं करता। लेकिन मैं अब जीवन से खुश हूँ।