वडोदरा (वेबदुनिया न्यूज), मंगलवार, 18 अगस्त 2009( 13:28 IST )
WD
FILE
कभी 'स्विंग के सुल्तान' के लकब से नवाजे गए भारतीय गेंदबाज इरफान पठान को उम्मीद है कि वे अपने बेहतर प्रदर्शन के दम पर जल्द ही भारतीय टीम में वापसी करेंगे। इरफान को अगले माह दक्षिण अफ्रीका में शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं दी गई है।
इरफान ने कहा कि यह मेरे साथ पिछले चार-पाँच सालों से हो रहा है कि अगर मेरा प्रदर्शन थोड़ा भी लचर है तो मैं टीम से बाहर हो जाता हूँ, इस बार भी यही हुआ। मैं कोई बहाना नहीं बना रहा हूँ, लेकिन यदि मैं टीम में नहीं हूँ तो इसका मतलब यह है कि कहीं न कहीं मेरा प्रदर्शन नीचे आया है।
अपनी वापसी के बारे में आश्वस्त इरफान ने कहा कि भारतीय टीम में फिर से जगह बनाना एक चुनौती है और मैं चुनौतियों से घबराता नहीं। मैं अपने प्रदर्शन को उस स्तर पर ले जाऊँगा, जहाँ से मैं फिर टीम में अपनी जगह बना सकूँ।