ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने खुलासा किया है कि उसने भारतीय गेंदबाजों का हथियार मानी जाने वाली रिवर्स स्विंग के जरिये इंग्लैंड लायन्स के खिलाफ जबरदस्त कामयाबी हासिल की है।
कंगारू गेंदबाज ली ने लायन्स के खिलाफ छह विकेट लेकर आगामी एशेज श्रृंखला के लिए अपना दावा मजबूत किया है।
पिछले अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के भारतीय दौर के पर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और जहीर खान ने तेज गेंदबाजी की, जिससे गेंद की चमक चली गई और गेंद ने जल्दी रिवर्स स्विंग करना शुरू कर दिया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया भी इस रणनीति का प्रयोग करने की तैयारी में है।
ली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में सामान्य तौर हरे भरे मैदान पर हम 20 से 30 ओवर तक तेज गेंदबाजी करने की कोशिश करते हैं और फिर रिवर्स स्विंग करने की कोशिश करते हैं। इंग्लैंड जैसी पिचों पर हालात कुछ अलग हैं।
हमने सोचा कि पहले तीन चार ओवर हम गेंद को स्विंग करायेंगे लेकिन गेंद ज्यादा स्विंग नहीं हुई। फिर हमने तेज गेंदबाजी करने की कोशिश की और गेंद केवल 10 से 12 ओवरों में ही रिवर्स स्विंग होना शुरू हो गई।
'ऑस्ट्रेलियन' की खबर के मुताबिक ली ने कहा कि हमने गेंदबाजी कोच ट्रोय कूले के साथ गेंद स्विंग कराने के लिए कई तकनीक पर काम किया है। हमने बहुत मेहनत की है और हमें आशा है कि पहले टेस्ट में इसका फायदा मिलेगा। |