अनुशासनहीनता की एक और हरकत से खुद पर खफा इंग्लैंड के हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ का कहना है कि वह अपनी सारी भड़ास बुधवार से शुरू हो रही एशेज श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया पर निकालेंगे।
पिछले सप्ताह बेल्जियम दौरे पर टीम बस पकड़ने से चूकने वाले फ्लिंटॉफ से इंग्लैंड टीम प्रबंधन खफा है। फ्लिंटॉफ खुद भी इससे खुश नहीं है और उन्होंने एशेज श्रृंखला में बल्ले और गेंद के जौहर दिखाकर इसका प्रायश्चित करने का वादा किया है।
उन्होंने कहा कि मैं खुद से नाराज हूँ, लेकिन यह नाराजगी ऑस्ट्रेलिया पर निकलेगी। अब मुझे अच्छा प्रदर्शन करने लिए किसी और प्रेरणा की जरूरत नहीं है। मैं बेल्जियम की घटना की यादों को अच्छे प्रदर्शन के जरिये जेहन से निकाल दूँगा।
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इसका एशेज की तैयारी पर असर पड़ेगा, लेकिन इसके लिए मैं शर्मिंदा जरूर हूँ। उन्होंने कहा कि इस घटना को यही छोड़कर वह इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाने का इरादा लेकर उतरेंगे। |