पाकिस्तान के वरिष्ठ बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने श्रीलंका के खिलाफ गाले में पहले टेस्ट में लगाए गए शतक को अपने करियर का सबसे यादगार करार दिया।
करियर के 24वें शतक से शानदार वापसी करने वाले यूसुफ ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन को लेकर मैं दबाव में था, लेकिन मैंने अपने आप को साबित किया।
गाले से यूसुफ ने कहा मैं खुश हूँ कि अल्लाह की मेहरबानी से मैं लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरा। यूसुफ चयनकर्ता और पूर्व कप्तान शोएब मलिक के साथ मतभेदों के कारण बागी इंडियन क्रिकेट लीग में शामिल हो गए थे।
गाले में शतक पूरा करने पर यूसुफ को क्रीज पर मौजूद मलिक ने ही सबसे पहले बधाई दी। यूसुफ ने कहा कि ये पिच बिल्कुल आसान नहीं थी लेकिन मैं खुश हूँ कि मेरे रनों की सहायता से टीम मजबूत स्थिति में पहुँच गई है। मैं नहीं चाहता लोग कहें कि यूसुफ केवल वरिष्ठता और पुराने रिकॉर्ड के कारण टीम में है। |