इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि एंड्रयू फ्लिंटॉफ हाल ही में हुए अनुशासनहीनता के वाकये को भुलाकर ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देने पर ध्यान देंगे।
ऑल राउंडर फ्लिंटॉफ ने पिछले सप्ताह बेल्जियम के लिए टीम बस छोड़ दी थी और इसके बाद कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस सहित ईसीबी ने भी उन्हें फटकार लगाई थी।
वॉन का मानना है कि स्ट्रॉस ने इस मामले को अच्छी तरह संभाला और अब उन्हें उम्मीद है कि फ्लिंटॉफ बुधवार से प्रारंभ होने वाली एशेज श्रृंखला में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। वॉन ने कहा कि मेरा मानना है कि सभी सवालों के जवाब बुधवार को जब वे मैदान पर होंगे, मिल जाएँगे और वे एक बार फिर पुराना कारनामा कर दिखाएँगे। |