मुख पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार > पहले टेस्ट में पाक जीत के नजदीक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
पहले टेस्ट में पाक जीत के नजदीक
पाकिस्तान को गाले टेस्ट में मिला 168 रनों का लक्ष्य
युवा गेंदबाजों मोहम्मद आमिर और सईद अजमल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेजबान टीम की दूसरी पारी सस्ते में समेटकर मैच पर अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली। पाकिस्तान को जीत के लिए महज 97 रन की दरकार है जबकि उसके आठ विकेट सुरक्षित हैं।

श्रीलंका की टीम अपनी दूसरी पारी में महज 217 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में पाकिस्तान ने दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 71 रन बना लिए थे। स्टंप के समय ओपनर सलमान बट्ट 28 और पहली पारी के शतकवीर मोहम्मद यूसुफ 12 रन बनाकर क्रीज पर थे।

दूसरी पारी में जीत के लिए 168 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की सलामी जोड़ी खुर्रम मंजूर और बट्ट ने अपनी टीम को ठोस शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े।

मंजूर 15 रन बनाने के बाद अबूझ स्पिनर अजंता मेंडिस की गेंद पर महेला जयवर्द्धने के हाथों लपके गए। उस समय टीम का स्कोर 36 रन था। इसके कुछ ही देर बाद कप्तान यूनुस खान भी महज तीन रन बनाकर एंजेलो मैथ्यूज की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

बारिश के कारण सोमवार को खेल कुछ देर से शुरू हुआ। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में कल के स्कोर बिना किसी विकेट के शून्य रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। दिन की दूसरी ही गेंद पर ओपनर लिंगा वर्णपुरा बिना खाता खोले चलते बने। उन्हें अनुभवी तेज गेंदबाज उमर गुल की गेंद पर यूनुस खान ने कैच आउट किया।

लेकिन इसके बाद तरंगा परनविताना (49) ने संयम के साथ खेलते हुए नाइट वाचमैन रंगना हेराथ (15) के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़कर अपनी टीम को अच्छी स्थिति में पहुँचाया, लेकिन पार्टटाइम गेंदबाज यूनुस खान ने हेराथ को पगबाधा आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया।

श्रीलंका एक समय दो विकेट पर 86 रन बनाकर सुखद स्थिति में था, लेकिन अपना पहला टेस्ट खेल रहे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आमिर ने लंच के बाद गेंद को विकेट के दोनों तरफ स्विंग कराते हुए ऐसा कहर बरपाया कि श्रीलंका का स्कोर पाँच विकेट पर 105 रन हो गया।

पहली पारी में श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले परनविताना ने दूसरी पारी में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए 58 गेंदों पर पाँच चौकों की मदद से 49 रन बनाए। वे दुर्भाग्यशाली रहे और महज एक रन से मैच में अपना दूसरा अर्द्धशतक बनाने से चूक गए।

आमिर ने उन्हें अपनी आउटस्विंगर पर विकेटकीपर कामरान अकमल के हाथों कैच कराते हुए दूसरी पारी में अपना पहला शिकार बनाया। उन्होंने माहेला जयवर्द्धने (शून्य) और कुमार संगकारा (14) को भी सस्ते में निपटाते हुए मैच पर मेहमान टीम की पकड़ मजबूत करा दी।

आमिर ने दूसरी पारी में 11 ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट चटकाए। पहली पारी में भी उन्होंने 74 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 112 रन देकर छह विकेट अपनी झोली में डाले। यूनुस ने जबरदस्त फॉर्म में चल रहे तिलकरत्ने दिलशान (22) को गली में कैच आउट कराते हुए श्रीलंका की संभावनाओं को लगभग समाप्त कर दिया।

आमिर की तरह अपना पहला टेस्ट खेल रहे ऑफ स्पिनर अजमल ने चायकाल से पहले के सत्र में शानदार गेंदबाजी करते हुए 12.2 ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए1 उन्होंने तिलन समरवीरा (34) को अपनी दूसरा गेंद पर स्लिप में खडे़ मिस्बाह के हाथों कैच कराया और उसके बाद नुवान कुलशेखरा (25) और अजंता मेंडिस (1) को आउट करके श्रीलंका की दूसरी पारी समेट दी।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
ऑस्ट्रेलिया की ‘हास्यास्पद’ टीम:चैपल
आश्चर्यचकित हैं ग्राहम ओनियंस
पूर्व तेज गेंदबाज खान मोहम्मद नहीं रहे
यूसुफ ने शतक के साथ मनाया वापसी का जश्न
अंपायर जैनकिंस की मैदान पर मौत
ट्वेंटी-20 विश्वकप में भारत को कड़ा समूह