मोहम्मद यूसुफ ने टेस्ट क्रिकेट में डेढ़ साल बाद वापसी का जश्न मनाते हुए श्रीलंका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन आज पाकिस्तान को पहली पारी में 50 रन की बढ़त दिला दी। दूसरे दिन दो विकेट पर 15 रन से आगे खेलते हुए यूसुफ ने पारी को संवारते हुए पाकिस्तान को 342 रन तक पहुँचाया।
श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में एक ही ओवर खेल सकी थी और अभी उसने खाता नहीं खोला है।
इससे पहले पाकिस्तान के रात्रिप्रहरी अब्दुर रऊफ और कप्तान यूनिस खान ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए 50 रन की साझेदारी की। यूसुफ और मिसबाह उल हक ने पाँचवें विकेट के लिए 138 रन जोड़कर पाकिस्तान को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
यूसुफ ने छठे विकेट के लिये शोएब मलिक (36) के साथ भी 75 रन जोड़े। इससे पहले मिसबाह को बाएँ हाथ के स्पिनर रंगाना हेराथ ने चाय से ठीक पहले स्लिप में महेला जयवर्धने के हाथों लपकवाया। उन्होंने 123 गेंदों का सामना करके अपनी पारी में नौ चौके लगाए।
आईसीएल से नाता तोड़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे यूसुफ विकेटकीपर तिलकरत्ने दिलशान के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। उन्होंने 80वें टेस्ट में अपना 28वाँ टेस्ट जमाते हुए 112 रन बनाए। अपनी चार घंटे की पारी में उन्होंने 186 गेंदों का सामना किया और 10 चौके जड़े।
श्रीलंका के लिए तेज गेंदबाज नुवान कुलशेखरा ने 71 रन देकर चार और तिलान तुषारा ने 77 रन देकर दो विकेट लिए। इंडियन क्रिकेट लीग से जुड़ने के बाद पीसीबी द्वारा लगाया गया प्रतिबंध झेलने वाले यूसुफ ने 18 महीने बाद वापसी की है। उनके आईसीएल से अलग होने के बाद पीसीबी ने श्रीलंका दौरे के लिये उन्हें टीम में जगह दी है।
पहले दिन कल श्रीलंका के 292 रन के जवाब में पाकिस्तान ने दो विकेट जल्दी गँवा दिए थे। इसके बाद यूनिस के साथ कुछ देर टिककर खेलने वाले रऊफ ने 31 रन बनाए। वह कुलशेखरा की गेंद पर दिलशान को कैच देकर आउट हुए।
पहला टेस्ट खेल रहे तेज गेंदबाज एंजेलो मैथ्यूज ने यूनिस को दिलशान के हाथों लपकवाकर पहला टेस्ट विकेट लिया। इसके बाद यूसुफ और मिसबाह ने स्कोर को आगे बढ़ाया। |