भारत को अगले साल वेस्टइंडीज में खेले जाने वाले ट्वेंटी-20 क्रिकेट विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका तथा टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली किसी टीम के साथ ग्रुप 'सी' में रखा गया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक अगले साल 30 अप्रैल को होने वाले विश्वकप के लिए मौजूदा चैम्पियन पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के साथ ग्रुप 'ए' में जगह दी गई है।
इस साल के उपविजेता श्रीलंका को न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के साथ ग्रुप 'बी' में जबकि मेजबान वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम को ग्रुप 'डी' में रखा गया है।
तीसरे ट्वेंटी-20 विश्वकप में पहला मुकाबला मेजबान वेस्टइंडीज और दूसरी क्वालीफाइंग टीम से होगी। क्रिकेट के सबसे छोटे स्वरूप के विश्वकप का आयोजन वैसे तो हर दो साल पर होता है लेकिन पिछले महीने इंग्लैंड में सम्पन्न होने के बाद अब अगला विश्वकप सिर्फ 10 महीने बाद ही आयोजित किया जाएगा ताकि उसका कार्यक्रम वर्ष 2011 में भारतीय उपमहाद्वीप में होने वाले एकदिवसीय मैचों के विश्वकप से नहीं टकराए।
पिछले महीने आयोजित हुए विश्वकप के सुपर आठ दौर से ही बाहर हुए पूर्व विश्व चैम्पियन भारत का अगले विश्वकप में पहला मुकाबला प्रथम क्वालीफाइंग टीम से एक मई को होगा। 17 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 27 मैच होंगे। सेमीफाइनल मुकाबले 13 और 14 मई को जबकि फाइनल 16 मई को खेला जाएगा। पुरुषों के साथ-साथ खेले जाने वाले महिलाओं के ट्वेंटी-20 विश्वकप में टीमों को 'ए' और 'बी' ग्रुप में बाँटा गया है। इस साल सेमीफाइनल में पहुंचे भारत को न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान के साथ ग्रुप 'बी' में रखा गया है जबकि इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप में 'ए' में जगह दी गई है।
आईसीसी के बयान के मुताबिक महिला विश्वकप के पहले दौर के सभी मैच सेंट किट्स में खेले जाएँगे। पाँच मई को शुरू होने वाले इस विश्वकप में सेमीफाइनल और फाइनल समेत 15 मैच खेले जाएँगे।
पहला मुकाबला वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान आठ मई को एक-दूसरे से भिड़ेंगे। महिलाओं के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले पुरुषों के इन्हीं मुकाबलों वाले दिन ही होंगे। |