पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बगावत करके अनाधिकृत इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) में शामिल हुए ओपनर इमरान नजीर, वरिष्ठ बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ और ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक को यह लीग छोड़ने के बाद केन्द्रीय अनुबंध दिया है।
पीसीबी ने हाल में राष्ट्रीय टीम के लिए फिर से खेलने की अनुमति पाए यूसुफ, रज्जाक और नजीर को ‘ए’ श्रेणी का केन्द्रीय अनुबंध दिया है।
नजीर को पीसीबी के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने लाहौर में राष्ट्रीय ट्वेंटी-20 चैम्पियनशिप के फाइनल में दुर्व्यवहार के मामले में पिछले हफ्ते ही माफी दी थी। अब श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैचों की श्रंखला के लिए टीम में शामिल करने के वास्ते नजीर के नाम पर विचार किया जा सकता है।
पीसीबी ने बाएँ हाथ के उदीयमान तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को ‘सी’ श्रेणी का अनुबंध दिया है। आमिर ने हाल में सम्पन्न हुए ट्वेंटी-20 विश्वकप में अच्छा प्रदर्शन करके सबका ध्यान खींचा था। |