ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि एशेज सिरीज में चोटिल ऑलराउंडर शेन वॉटसन की जगह किसी बल्लेबाज को ही टीम में शामिल किया जाएगा।
पोंटिंग ने कहा कि अगर वॉटसन आठ जुलाई से कार्डिफ में शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट के लिए फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह किसी बल्लेबाज को टीम में शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि वॉटसन ससेक्स के खिलाफ अभ्यास मैच में नहीं खेल पाए थे। अगर वॉटसन पहले टेस्ट तक फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह ब्रैड हौज या कालुम फार्गुसन को टीम में शामिल किया जा सकता है।
पोंटिंग ने कहा कि हमने इस बारे में बातचीत की है। अगर वॉटसन की चोट ठीक नहीं होती है तो हम चयनकर्ताओं से उनकी जगह एक बल्लेबाज भेजने का आग्रह करेंगे। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा कि टीम के लिए एशेज में अच्छी शुरुआत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए अच्छी शुरूआत बेहद जरूरी है। तेज गेंदबाज ब्रेट ली खराब फार्म से उबर चुके हैं और हम उनकी तरफ आशा भरी नजरों से देख रहें हैं। बल्लेबाजी में भी हमारे सभी बल्लेबाजों को सम्मिलत प्रयास करने होंगे। हमें परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहेगी।
पोंटिंग ने कहा कि हम चार तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के साथ मैदान में उतर सकते हैं। स्पिनर नाथन हौरित्ज अच्छा प्रदर्शन कर रहें हैं। ऐसे में हम बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं। |