इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 जुलाई से शुरू हो रहे एशेज सिरीज के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
इंग्लैंड के चयनकर्ताओं ने बुधवार से कार्डिफ में शुरू हो रहे पहले टेस्ट के लिए आज टीम की घोषणा की। टीम में दो स्पिनरों मोंटी पनेसर और ग्रीम स्वान को जगह दी गई हैं। वहीं चोटिल ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ फिट होकर टीम में वापस लौट आए हैं।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सिरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले रवि बोपारा को भी टीम में शामिल किया गया है। अब बोपारा का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का होगा।
गौरतलब है कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच आठ जुलाई से पाँच टेस्ट मैचों की एशेज सिरीज शुरू हो रही है। मेजबान टीम ने आखिरी बार पूर्व कप्तान माइकल वान के नेतृत्व में वर्ष 2005 में एशेज सिरीज जीती थी।
टीम : एंड्रयू स्ट्रास (कप्तान), जेम्स एंडरसन, इयान बेल, रवि बोपारा, स्टुअर्ट ब्रॉड, पॉल कोलिंगवुड, एलिस्टेयर कुक, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, ग्राहम ओनियंस, मोंटी पनेसर, केविन पीटरसन, मैट प्रायर, ग्रीम स्वान। |