वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी सिरीज के तीसरे वनडे मैच में शुक्रवार को भारत की जीत के हीरो रहे कप्तान महेन्द्रसिंह धोनी इस मैच में रिकॉर्ड के मामले में भी नायक साबित हुए।
बारिश के कारण इस मैच में बार-बार संशोधित होते लक्ष्य के दबाव के बीच 34 गेंद पर 46 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले धोनी ऐसे पहले विकेटकीपर बन गए जिन्होंने विंडीज के खिलाफ उसकी सरजमीं पर 40 से ज्यादा रन बनाए और तीन खिलाड़ियों को आउट करने में मदद की।
धोनी ने इस मैच में 50 से ज्यादा की औसत हासिल कर ली। इसके साथ ही वे एकदिवसीय मैचों में 4000 रनों के सफर में 50 की औसत रखने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।
धोनी से पहले ऑस्ट्रेलिया के माइकल बेवन ने 232 मैचों में 53.58 के औसत से 6912 रन बनाए थे। भारतीय कप्तान अब तक एकदिवसीय मैचों की 124 पारियों में 50.18 के औसत और 90.88 के स्ट्राइक रेट से 4567 रन बना चुके हैं। इसमें चार शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं।
इस मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए धोनी अब तक 11 बार यह पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने इस मैच में 35 रन पर दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इससे पहले उन्होंने दो जून 2002 को पोर्ट ऑफ स्पेन में 55 रन की कीमत पर दो विकेट लेकर कैरेबियाई सरजमीं पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। श्रृंखला के इस तीसरे एकदिवसीय मैच में भारत की छह विकेट से जीत विंडीज के खिलाफ उसकी जमीन पर सातवीं विजय थी। भारत ने कैरेबियाई सरजमीं पर अब तक 23 वनडे मुकाबले खेले हैं जिनमें उसे 17 मौकों पर हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में भारत की जीत के साथ धोनी की कप्तानी में जीते गए वनडे मैचों की संख्या 33 हो गई। धोनी अब तक 54 एकदिवसीय मुकाबलों में टीम की कप्तानी कर चुके हैं जिनमें भारत ने 33 जीते और 17 हारे जबकि चार मुकाबले बेनतीजा समाप्त हुए।
भारतीय ओपनर गौतम गम्भीर और दिनेश कार्तिक ने इस मैच में 84 रन की साझेदारी की। वेस्टइंडीज की जमीन पर पिछले 12 वर्षों के दौरान एकदिवसीय मैचों में यह भारत की पहले विकेट के लिए हुई सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।
आशीष नेहरा ने इस मैच में 21 रन पर तीन विकेट लेकर विंडीज के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने इसी श्रृंखला के पहले मैच में 49 रन पर तीन विकेट हासिल करके अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था।
इस मैच में 62 रन की पारी खेलने वाले विंडीज के बल्लेबाज रामनरेश सरवन ने इस दौरान भारत के खिलाफ 1000 रन पूरे कर लिए। वे भारत के विरुद्ध अब तक 23 मैचों में 64.25 के औसत से 1028 रन बना चुके हैं। |