वेस्ट इंडीज के खिलाफ रोमांचक मैच में शानदार जीत दिलाने वाले कप्तान महेन्द्रसिंह धोनी की तारीफ करते हुए भारतीय कोच गैरी कर्स्टन ने कहा है कि क्रीज पर धोनी की मौजूदगी जीत की गारंटी होती है।
बारिश से बाधित तीसरे एकदिवसीय मैच में वेस्ट इंडीज के खिलाफ भारत को अंतिम ओवर में 11 रन बनाने थे। धोनी के छक्के की मदद से भारत ने मैच जीत लिया। इस मैच में धोनी ने नाबाद 46 रन की पारी खेली थी।
धोनी के इस मैच जिताऊ प्रदर्शन पर बोलते हुए कर्स्टन ने कहा ‘पूरी श्रृंखला में धोनी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। धोनी उन खिलाड़ियों में से हैं जो किसी भी समय गेंद को मैदान से बाहर पहुँचा सकते हैं। धोनी जब तक क्रीज पर होते हैं, मैच हमारी पकड़ में होता है।'
कर्स्टन ने कहा ‘बारिश से बाधित मैच में दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली टीम फायदे में रहती है। मैदान के इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड बंद होने पर अंपायर हर ओवर के बाद खिलाड़ियों को डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार लक्ष्य के बारे में बता रहे थे। इसका हमें फायदा मिला।’ |