कोच पीटर मूर्स से विवाद के चलते इस्तीफा देने वाले इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कप्तानी की जिम्मेदारी की तुलना अपनी तरफ आती हुई ट्रेन का सामना करने के अनुभव से करते हुए कहा है कि टीम के खराब प्रदर्शन करने पर स्थिति और भी खराब हो जाती है।
‘द डेली टेलीग्राफ’ में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक पीटरसन ने कहा ‘कप्तानी के दौरान हर दिन मुझे लगता था कि मैं अपनी ओर आती ट्रेन का सामना कर रहा हूँ। यह जिम्मेदारी वाकई आपको तोड़ डालती है।’
रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा ‘अगर आप अच्छा नहीं खेल पा रहे हों, जैसा कि हमारे साथ भारत में हो रहा था तो आपको एक के बाद एक नकारात्मक संवाददाता सम्मेलनों का सामना करना पड़ता है। इससे आपके खेल पर बुरा असर पड़ता है।’
गौरतलब है कि कोच पीटर मूर्स के साथ सार्वजनिक रूप से बहस की वजह से उत्पन्न विवाद से पहले पीटरसन का कप्तान के तौर पर रिकार्ड बेदाग था। उस प्रकरण के बाद पीटरसन और मूर्स को अपने-अपने पद छोड़ने के लिये कहा गया था।
पीटरसन ने कहा कि शायद राजनीतिक रूप से वह उतने सक्षम व्यक्ति नहीं थे जितना कि एक कप्तान को होना चाहिए। |