मुख पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार > बारिश प्रभावित मैच में भारत जीता
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
बारिश प्रभावित मैच में भारत जीता
बारिश की वजह से यह क्रिकेट मैच न तो वन डे रहा और न ट्वेंटी-20 बन पाया लेकिन रिकॉर्ड बुक में यह भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में दर्ज रहेगा, जिसका अंत रोमांचक रहा और जिसमें भारतीय टीम ने कप्तान महेंद्रसिंह धोनी की कप्तानी पारी की बदौलत डकवर्थ लुईस पद्धति से छह विकेट की जीत से चार मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई।

पहली गेंद पड़ने से पहले ही बारिश ने अपना कमाल दिखा दिया और इसके बाद मैच में रन कम बने और बौछारें अधिक पड़ीं। वेस्टइंडीज की पारी के दौरान इंद्रदेव ने चार बार व्यवधान डाला, जिससे ओवरों की संख्या घटाकर 27 कर दी गई।

कैरेबियाई टीम ने रामनरेश सरवन के 62 रन की मदद से सात विकेट पर 185 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुईस पद्धति से भारत को 195 रन का लक्ष्य मिला।

भारतीय टीम ने दिनेश कार्तिक (47) और गौतम गंभीर (44) से मिली शानदार शुरुआत से जब 13.3 ओवर में एक विकेट पर 95 रन बनाए थे तो फिर बारिश ने आधे घंटे का खेल लील दिया।

खेल शुरू होने पर भारत के सामने 22 ओवर में 159 रन का लक्ष्य था, यानी 51 गेंद पर 64 रन और मैन ऑफ द मैच धोनी (नाबाद 46) ने टीम को एक गेंद शेष रहते ही चार विकेट खोकर मुकाम तक पहुँचा दिया।

भारत ने सबीना पार्क किंगस्टन में खेला गया पहला मैच 20 रन से जीता था लेकिन दूसरे मैच में वह आठ विकेट से हार गया था। चौथा और अंतिम मैच पाँच जुलाई को ग्रास आइलेट में ही होगा।

कार्तिक और गंभीर ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। गंभीर पर खराब फार्म में होने का दबाव दिख रहा था और इसलिए उन्होंने सतर्कता बरतते हुए कार्तिक के सहयोगी की भूमिका ही निभाई।

कार्तिक ने ढीली गेंदों को सबक सिखाकर रन गति बनाए रखी। उन्होंने टेलर पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद ड्वेन ब्रावो की गेंद मिडविकेट पर छह रन के लिए भी भेजी लेकिन गंभीर के साथ रन लेने की हिचकिचाहट में रवि रामपाल के सीधे थ्रो पर रन आउट होने से वे तीन रन से अर्धशतक चूक गए।

गंभीर भी सुलेमान बेन की स्पिन लेती गेंद पर विकेटकीपर रामदीन को कैच दे बैठें। उनका स्थान लेने के लिए उतरे युवराजसिंह (2) ने जब डेविड बर्नार्ड की गेंद को लांग ऑन पर डेरेन ब्रावो के हाथों में पहुँचा दिया तो भारत संकट में पड़ गया।

रोहित शर्मा की लगातार असफलता के कारण धोनी तीसरे नंबर पर उतरे। पिछले मैच में 95 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान ने युवराज के बाद रोहित के भी पैवेलियन लौटने के बावजूद अंत तक एक छोर संभाले रखा और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले वेस्टइंडीज की पारी के नायक सरवन रहे, जिन्होंने 59 गेंद खेली तथा पाँच चौके और एक छक्का लगाकर 62 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान क्रिस गेल (14 गेंद पर 27), रूनाको मोर्टन (22) और डेरेन ब्रावो (21) ने अच्छा योगदान दिया।

भारत की तरफ से बाएँ हाथ के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने 21 रन देकर तीन, जबकि अपना 29वाँ जन्मदिन मना रहे हरभजनसिंह ने 35 रन देकर दो विकेट लिए।

बारिश ने भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का ध्यान भंग करने में अहम भूमिका निभाई। धोनी ने जब टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया तो झमाझम बारिश आ गई, जिससे दो घंटे का खेल बर्बाद हुआ और ओवरों की संख्या घटाकर 41 कर दी गई। इसके बाद बारिश की बीच में पड़ी बाधाओं से यह घटती हुई 39, फिर 36 और आखिर में 27 रह गई।

गेल ने वेस्टइंडीज को अपने चिर परिचित अंदाज में शुरुआत दिलाई, लेकिन बीच में बारिश आने से उनका ध्यान भंग हो गया और दोबारा खेल शुरू होने पर उन्होंने नेहरा की ऑफ स्टंप से बाहर जाती शार्ट पिच गेंद पर विकेट के पीछे धोनी को कैच दे दिया। गेल ने 14 गेंद खेली तथा छह चौके लगाकर 27 रन बनाए।

ओवरों की संख्या घटकर जब 27 पर पहुँच गई तो वेस्टइंडीज पर तेजी से रन बनाने का दबाव था और उसने शुरू में ही मोर्टन (34 गेंद पर 22 रन) का विकेट गँवा दिया, जिन्हें हरभजन की गेंद पर धोनी ने स्टंप आउट किया।

सरवन ने दूसरा छोर संभाले रखा तथा युवराजसिंह के एक ओवर में लगातार दो चौके लगाने के बाद मिडविकेट पर छक्का भी जड़ा। वेस्टइंडीज हालाँकि नौ रन के अंदर चंद्रपाल (15) और सरवन के आउट होने से बैकफुट पर आ गया। चंद्रपाल ने सीमा रेखा पर नेहरा को कैच दिया जबकि सरवन दूसरे रन लेने के प्रयास में गंभीर के सटीक थ्रो पर रन आउट होकर पैवेलियन लौटे।

नेहरा ने अपने अंतिम ओवर में ब्रावो बंधुओं को आउट किया। डेरेन को उन्होंने जहाँ यार्कर पर बोल्ड किया वहीं धोनी ने दायीं तरफ डाइव लगाकर ड्वेन ब्रावो का खूबसूरत कैच लिया। हरभजन के अंतिम ओवर में छक्का जड़ने वाले रामदीन 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
फॉर्म में लौटे ब्रेट ली
पहले टेस्ट के लिए श्रीलंका-पाक तैयार
मोर्टन ने बताया कामयाबी का राज
शिवसेना की बीसीसीआई को चेतावनी
नहीं होंगे वेतनभोगी क्रिकेट चयनकर्ता:पीसीबी
घायल मुरलीधरन पहले टेस्ट से बाहर