चार महीने पहले लाहौर में हुए आतंकी हमले को भूलकर श्रीलंकाई क्रिकेट टीम शनिवार से गाले में होने वाले पहले टेस्ट में पाकिस्तानी टीम से भिड़ने को तैयार है। पाकिस्तान के लिए श्रीलंका को उसी की धरती पर हराना कठिन चुनौती है।
श्रीलंका और पाकिस्तान ने मार्च में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में टेस्ट मैच खेला था। टेस्ट मैच के तीसरे दिन स्टेडियम में जाते समय श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकी हमला हुआ था जिसमें सात श्रीलंकाई खिलाड़ी और छह पुलिस अधिकारी घायल हुए थे।
टेस्ट श्रृंखला में लगातार दो दोहरे शतक लगाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज समरवीरा को हमले के दौरान जाँघ में गोली लगी थी। टेस्ट मैचों में पहली बार कप्तानी कर रहे कुमार संगकारा ने कहा कि समरवीरा अब पूरी तरह फिट हैं और आगामी श्रंखला में खेलने को तैयार हैं।
संगकारा ने कहा कि समरवीरा बहुत ही जोशीले खिलाड़ी हैं। उन्होंने कुछ अभ्यास मैच भी खेले हैं। आतंकी हमले में घायल शुरूआती बल्लेबाज थरंगा भी पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं। अन्य घायल खिलाड़ी अजंथा मेडिंस और संगकारा पहले ही फिट होकर ट्वेंटी-20 और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेल चुके हैं।
किसी भी तरह के आतंकी हमलों से बचने के लिए श्रीलंकाई अधिकारी दोनों ही टीमों को बराबर सुरक्षा दे रहे हैं। श्रीलंकाई क्रिकेट सचिव निशांथा रणतुंगा ने कहा कि दर्शकों को स्टेडियम के अंदर शराब और वाद्य यंत्र जैसी चीजें अंदर लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 34 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं जिसमें पाकिस्तान ने 15 और श्रीलंका ने सात मैच जीते हैं जबकि 12 मैच ड्रॉ रहे हैं। श्रीलंका में खेलते हुए पाकिस्तान ने केवल एक टेस्ट मैच हारा है और छह मैच जीते हैं जबकि पाँच टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। |