मौजूदा एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय गेंदबाजों के लिए सिरदर्द बने वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज रूनाको मोर्टन ने कहा है कि अब वह क्रीज पर पहले से अधिक शांत महसूस करते हैं और यही उनकी कामयाबी का राज है। मोर्टन ने पहले दो वनडे मैचों में 42 और नाबाद 85 रन बनाए।
उन्होंने कहा कि पिता बनने के बाद जिम्मेदारियों के अहसास के कारण वह अधिक एकाग्र और संयमित हुए हैं। मैं खेल का पूरा मजा ले रहा हूँ। अब पहले से अधिक शांत हूँ। पिछले नवंबर में पहला बेटा होने के बाद से मुझसे धर्य आ गया है।
मोर्टन ने कहा कि अब मेरे दो बच्चे हैं और गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। बच्चे होने के बाद आपको उनकी खुशी के अलावा कुछ नहीं चाहिए होता है। आप नहीं चाहते कि वे भी वैसी ही बेवकूफाना गलतियाँ करके बड़े हों जो उनके बाप ने की थी।
उन्होंने कहा कि टीम में जगह पक्की करने की चिंता किए बिना वह अपने खेल पर पूरा ध्यान लगा रहे हैं। अब मेरा काम अच्छा प्रदर्शन है। मैं टीम में अपनी जगह पक्की करने के बारे में भी नहीं सोच रहा। मैं आलोचना की परवाह नहीं करता। अब मुझ पर इसका असर नहीं होता।
मोर्टन ने यह भी कहा कि कुछ तकनीकी मसलों पर मेहनत करने के बाद उनकी बल्लेबाजी में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि पहले मैं पगबाधा आउट हो जाया करता था। अब पहले से अधिक संतुलित हूँ क्योंकि सिर की हरकतों पर भी ध्यान दे रहा हूँ।
उन्होंने यह भी कहा कि क्रिस गेल जैसा जोड़ीदार होने के कारण उन्हें खुलकर बल्लेबाजी करने की सहूलियत मिल गई है। |