पाकिस्तान के करिश्माई ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने कहा है कि हाल में इंग्लैंड में आयोजित ट्वेंटी-20 विश्वकप के फाइनल में श्रीलंका पर जीत के बावजूद उनकी टीम को आगामी टेस्ट श्रृंखला में कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा।
अफरीदी ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए अपना ध्यान ट्वेंटी-20 से हटाकर टेस्ट क्रिकेट पर केन्द्रित करना आसान नहीं होगा। श्रीलंका को उसी की जमीन पर मात देना बहुत मुश्किल है और वहाँ की परिस्थिति इंग्लैंड से पूरी तरह अलग है, इसलिए श्रीलंका पर जीत हासिल करने के लिए हर खिलाड़ी को अपना शत प्रतिशत प्रदर्शन करना होगा।
ट्वेंटी-20 विश्वकप में फाइनल में 'मैन ऑफ द मैच' रहे अफरीदी को श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से गाले में शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। टेस्ट श्रृंखला के बाद होने वाली वनडे सिरीज खेलने के लिए वे श्रीलंका जाएँगे।
अफरीदी ने कहा कि श्रीलंका दौरे से पहले खिलाड़ियों को लंबा विश्राम दिया जाना चाहिए था ताकि वे ट्वेंटी-20 विश्वकप में जीत का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा खिलाड़ियों के पास आराम करने और इस सिरीज के लिए तैयारी करने का पर्याप्त समय नहीं था। |