श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा, स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और अजंता मेंडिस ऑस्ट्रेलिया की विभिन्न राज्य टीमों की ओर से अगले घरेलू ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में खेलेंगे।
मलिंगा ने बिग बैश ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में तस्मानिया की टीम से साथ करार करने को लेकर अपनी सहमति दे दी है हालाँकि श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड से इसके लिए मंजूरी लेनी बाकी है।
मुरलीधरन, विक्टोरिया और मेंडिस दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के साथ करार करने की प्रक्रिया में हैं। ये दोनों एकाध सप्ताह में करार कर सकते हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के भी क्वींसलैंड की तरफ से खेलने की संभावना है।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों के ऑस्ट्रेलिया में खेलने के कारण टीम का बंग्लादेश के साथ जनवरी में होने वाला एकदिवसीय सिरीज के कार्यक्रम में परिवर्तन किया जा सकता है। मलिंगा ने आईपीएल में विदेशी गेंदबाजों की श्रेणी में सबसे अधिक 18 विकेट लिए थे।
मलिंगा के साथ करार को लेकर तस्मानिया के कोच टिम कोयले ने कहा कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रमुख रूप से बल्लेबाजों का खेल है यहाँ गेंदबाजों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है, लेकिन मलिंगा ऐसे गेंदबाज हैं जो अपनी गेंदबाजी से विपक्षी टीम पर दबाव बना सकते हैं। उनकी गेंद काफी तेज होती है और उनकी यॉर्कर गेंदें तो बहुत ही खतरनाक होती हैं।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया की हरेक राज्य टीम को दो विदेशी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने की अनुमति प्रदान की गई है। इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने हर टीम को अतिरिक्त 50 हजार डॉलर की राशि प्रदान की है। |