पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने विवादास्पद तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ पर दुबई में ड्रग के साथ पकड़े जाने के मामले में 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम में चुने जाने की संभावना बन गई है।
पीसीबी ने कहा कि उसने मामले की जाँच कर रही तीन सदस्यीय समिति की सिफारिश के बाद आसिफ पर जुर्माना लगाया है। समिति ने जाँच में पाया था कि आसिफ के दुबई में हशीश के साथ पकड़े जाने से पाकिस्तान और मुल्क के क्रिकेट की बदनामी हुई है।
पीसीबी के मुख्य संचालन अधिकारी सलीम अल्ताफ ने कहा कि आसिफ पर गलत आचरण और दुबई में हशीश के साथ पकड़े जाने की वजह से 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। डोप टेस्ट में नाकामी की वजह से लगा 12 महीने का प्रतिबंध खत्म होने के बाद आसिफ पाकिस्तान के लिए खेल सकेंगे। हम निश्चित रूप से उन्हें टीम में शामिल करना चाहेंगे।
गौरतलब है कि आसिफ को पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने के बाद जून में स्वदेश वापसी के दौरान मादक पदार्थ रखने पर दुबई में 19 दिन तक हिरासत में रहना पड़ा था। आसिफ आईपीएल के लिए हुए डोप टेस्ट में भी नाकाम रहे थे।
आसिफ के डोप टेस्ट में असफल होने पर आईपीएल के पंचाट ने उन पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया था। पाबंदी की अवधि पिछले साल सितम्बर में शुरू हुई थी। |