पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता पद से इस्तीफा देने वाले अब्दुल कादिर ने कहा है कि अपने सात महीने के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जो कुछ देखा उस पर वे आसानी से हाथोहाथ बिकने वाली किताब लिख सकते हैं।
पाकिस्तानी टीम जब ट्वेंटी-20 विश्व कप में खेल रही थी तब इस पूर्व टेस्ट लेग स्पिनर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि बोर्ड और टीम के अंदर जो चीजें उन्होंने देखीं उन पर वे किताब लिखने पर विचार करेंगे। उन्होंने कहा समय आने पर मैं इस पर विचार करूँगा लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट को दबाव समूहों से बचाने की सख्त दरकार है। कादिर ने यह कहकर इस्तीफा दिया था कि उन्हें और उनके साथी चयनकर्ताओं सलीम जाफर और शोएब मोहम्मद को स्वतंत्र होकर काम नहीं करने दिया जा रहा था। |