मुख पृष्ठ > खेल-संसार > क्रिकेट > समाचार > आईपीएल की टाइमिंग थी खराब
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
आईपीएल की टाइमिंग थी खराब
इंडीज दौरा भी समय की बर्बादी
ट्वेंटी-20 विश्वकप में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के लिए परोक्ष रूप से इंडियन प्रीमियर लीग को दोषी ठहराते हुए पूर्व हरफनमौला मोहिंदर अमरनाथ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी एक दिवसीय श्रृंखला को भी समय की बर्बादी बताते हुए कहा है कि सही प्लानिंग पर ध्यान देना जरूरी है।

अमरनाथ ने कहा मुझे नहीं लगता कि वेस्टइंडीज में चार वनडे खेलने से कोई फायदा होने वाला है। यह समय की बर्बादी है। भविष्य में बेहतर प्लानिंग की जरूरत है ताकि थकान का मसला भी ना उठे।

उन्होंने आईपीएल की टाइमिंग पर सवाल उठाने वाले टीम इंडिया के कोच गैरी कर्स्टन से सहमति जताते हुए कहा कि टी-20 विश्वकप से ठीक पहले इसे आयोजित करने का फैसला सही नहीं था।

कर्स्टन ने इंग्लैंड में ट्वेंटी-20 विश्वकप से गत चैम्पियन भारत के सुपर आठ से ही बाहर होने के पीछे आईपीएल की खराब टाइमिंग को कसूरवार ठहराया था। टीम फिजियो नितिन पटेल की रिपोर्ट के मुताबिक विश्व कप में कप्तान महेंद्रसिंह धोनी, युवराजसिंह, वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान और आरपी सिंह चोटिल थे।

भारत की 1983 विश्व कप जीत के हीरो अमरनाथ ने कहा टी-20 विश्व कप में आधी टीम फिट नहीं थी जो जीत की उम्मीद कैसे की जा सकती है। यह कोई आईपीएल नहीं था, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट था। देश के लिए खेलना सर्वोपरि है लिहाजा बेहतर प्लानिंग से इन चोटों से बचा जा सकता था।

भारतीय खिलाड़ियों की काबिलियत पर उठने वाले सवालों को गलत बताते हुए अमरनाथ ने कहा कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट किसी की योग्यता को परखने का मानदंड नहीं है। उन्होंने कहा टी-20 क्रिकेट से किसी की काबिलियत को नहीं आँका जा सकता। यह बीस ओवर की बात है जिसमें बाजी किसी भी तरफ जा सकती है। एक टूर्नामेंट हारने या जीतने से किसी को सही या गलत नहीं ठहराया जा सकता।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ की धोनी को आराम की सलाह पर उन्होंने कहा कि यह कहना भी ठीक नहीं है कि भारतीय कप्तान का हनीमून पीरियड खत्म हो चुका है।

उन्होंने कहा धोनी एक उम्दा कप्तान हैं। उन्होंने अच्छे नतीजे दिए हैं। कई बार उनके प्रयोग चले हैं लेकिन इस बार नहीं चल सके। इससे उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल नहीं उठाये जा सकते।

अमरनाथ ने कहा कि अगला सत्र बहुत अहम है। इसमें हमें काफी क्रिकेट खेलनी है और मुझे पूरा यकीन है कि भारतीय टीम पूरी शिद्दत से वापसी करेगी। पाकिस्तान के टी-20 चैम्पियन बनने पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा मैं पाकिस्तान क्रिकेट पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
यूसुफ की पाक टेस्ट टीम में वापसी
आईपीएल को पाक खिलाड़ियों का इंतजार
खिलाड़ी भी कप्तान जितना ही महत्वपूर्ण
अगले टी-20 कप्तान बन सकते हैं अफरीदी
मिसाल बने यूनिस खान
अब विश्व कप 2011 जीतना चाहते हैं यूनिस