हाशिम अमला के बाद बल्लेबाज इमरान खान दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले भारतीय मूल के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
इमरान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 मार्च से शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम में चुना गया है।
कप्तान ग्रीम स्मिथ घायल होने के कारण इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनके स्थान पर एश्वेल प्रिंस ने टीम में वापसी की है और वही टीम की कमान भी संभालेंगे।
इमरान और तेज गेंदबाज वायने पारनेल टीम में दो नए चेहरे हैं। इन दोनों को नील मैकेंजी और मोर्ने मोर्कल की जगह लिया गया है। इसके साथ ही 15 सदस्यीय ट्वेंटी-20 टीम भी घोषित कर दी गई है जिसकी अगुवाई जोहान बोथा करेंगे।
टेस्ट टीम इस प्रकार है : एश्वेल प्रिंस (कप्तान), हाशिम अमला, मार्क बाउचर, एबी डिविलियर्स, जेपी डुमिनी, पॉल हैरिस, जैक्स कैलिस, इमरान खान, एल्बी मोर्कल, मखाया एनटीनी, वायने पारनेल और डेल स्टेन। ट्वेंटी-20 टीम इस प्रकार है : जोहान बोथा, यूसुफ अब्दुल्ला, हाशिम अमला, मार्क बाउचर, एबी डिविलियर्स, जेपी डुमिनी, हर्शल गिब्स, जोहान लोउ, एल्बी मोर्कल, जस्टिन ओनटोंग, वायने पारनेल, रोबिन पीटरसन, डेल स्टेन, रीलोफ, वान डर मर्व और वान डर जार्सवाल्ड। |