लोगों को विश्वास नहीं हुआ था कि पाकिस्तान में क्रिकेटरों को भी निशाना बनाया जा सकता है और वास की पत्नी भी उनमें से एक थीं। तेज गेंदबाज चामिंडा वास की पत्नी ने कहा कि जब लाहौर में श्रीलंकाई टीम पर आतंकवादी हमले की खबर आई तो उन्हें लगा कि यह मजाक था।
वास की पत्नी वासाना ने कहा कि मुझे लगा यह मजाक है क्योंकि कोई कह रहा था कि कोई एक क्रिकेटर को क्यों नुकसान पहुँचाना चाहेगा। उन्होंने कहा इसके बाद वास ने फोन किया और बताया कि कुछ खिलाड़ी घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
वासाना ने कहा कि इसके बाद वास ने दोबारा फोन किया और कहा कि उन्हें हेलिकॉप्टर से ले जाया जाएगा। वे वहाँ से जल्द से जल्द घर पहुँचने के लिए फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं।
थिलन समरवीरा और थरंगा परणाविताना भी इस हमले में घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इन दोनों के परिवार वाले उनकी सलामती की खबर का इंतजार कर रहे थे। समरवीरा का पैर छर्रे से घायल हुआ था, जबकि परानाविताना को छाती में छर्रा लगा था।
समरवीरा की पत्नी ने कहा कि जब मुझे इस घटना के बारे में बताया गया, मुझे काफी चिंता हो रही थी। काफी लोगों ने मुझसे बात की थी। लेकिन समरवीरा से बात करने के बाद ही वे शांत हो सकीं। उन्होंने कहा कि थिलन ने मुझसे बात की और तब मेरी चिंता थोड़ी कम हुई। मैं सबसे ठीक होने की उम्मीद लगाए हूँ।
परणाविताना के पिताजी ने हमले की निन्दा की। उन्होंने कहा इस घटना से मैं काफी दु:खी हूँ, क्योंकि यह खेल प्रतियोगिता के दौरान हुआ। पिता के रूप में मैं इस घटना से काफी दु:खी हूँ। मैं जल्द से जल्द अपने बेटे को देखना चाहता हूँ।
अंजथा मेंडिस की माँ रंजानी ने कहा कि उनके बेटे ने फोन करके हमले की सूचना दी। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने सुबह फोन किया और बताया कि उन पर हमला हुआ है। उसने कहा कि चोट गंभीर नहीं है और चिंता की कोई बात नहीं है। मैंने अपने बेटे की सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना की। |