श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने ने अपनी अद्भुत सूझबूझ और साहस से उनकी और उनके टीम के खिलाड़ियों की जान बचाने वाले बस ड्राइवर मेहर मोहम्मद खलील को धन्यवाद कहा है।
जयवर्धने ने यहाँ कहा कि खलील आपका बहुत बहुत शुक्रिया। आपने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए हम सबकी जान बचाई। उन्होंने कहा गोलियों की बौछारों के बीच खलील ने जिस तरह अपनी मानसिक ताकत का परिचय दिया, वह अदम्य था।
अगर वे तुरंत घटनास्थल से बस को नहीं भगाते तो हम आतंकियों की गोलियाँ का आसानी से शिकार बन जाते। अंत में खलील आपका तहेदिल से शुक्रिया। उधर, श्रीलंका टीम के सहायक कोच पाल फारब्रेस ने भी अपने बस चालक और पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा मेरे जीवित बचने की वजह मेरा बस चालक और पाँच पुलिसकर्मी हैं, जिन्होंने तुरंत आतंकियों से लोहा ले लिया। फॉरब्रेस ने कहा अंधाधुँध गोलियाँ चल रही थी। हम तो बस भगवान से प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन हमारे बस ड्राइवर और पुलिसकर्मियों ने हमारी जान बचा ली।
मैं उनका धन्यवाद करता हूँ। उन्होंने कहा हमले के वक्त तो ऐसा लग रहा था, जैसे हम शून्य में हों। अब इस हमले के बाद कोई भी देश पाकिस्तान में तो अपनी टीम नहीं ही भेजना चाहेगा। |