पाकिस्तान में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम के पास श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर मंगलवार सुबह हुए आतंकवादी हमले के कई घंटे बीत जाने के बाद मैच रेफरी क्रिस ब्राड खून से सनी कमीज में टहलते नजर आए, जबकि अंपायर साइमन टाफेल और स्टीव डेविस एकदम स्तब्ध दिख रहे थे।
हालाँकि ये अधिकारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अकसर पेश आने वाले अविश्वसनीय दबाव को झेलने के आदी हैं, लेकिन वे इस स्थिति के लिए बिलकुल भी तैयार नहीं थे।
मैच के थर्ड अंपायर नदीम गौरी ने कहा वहाँ का मंजर भयावह था। हमारे चारों ओर गोलियाँ बरस रही थीं। हम नहीं जानते थे कि क्या हो रहा है। मैच अंपायर, रिजर्व अधिकारी और मैच रेफरी खिलाड़ियों को ले जा रही बस के पीछे चल रही मिनी बस में सवार थे।
गौरी ने कहा जब फायरिंग शुरू हुई, हम सब बस कोच के फर्श पर लेट गए। आगे की ओर से आई एक गोली हमारी बस के ड्राइवर को लगी और वह वहीं ढेर हो गया। हमले में स्थानीय अंपायर एहसान रजा बुरी तरह घायल हो गए, लेकिन ब्राड अपनी जान की परवाह किए बिना उनके ऊपर लेट गए और उनकी जान बचाई। |