भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मानद कोषाध्यक्ष एमपी पांडोव ने पाकिस्तान में मंगलवार को श्रीलंकाई क्रिकेटरों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि यह बहुत ही दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा यह पाकिस्तान में खेलों के लिए बड़ा झटका है।
पांडोव ने कहा हमें पूरी उम्मीद है लोग समझेंगे कि क्रिकेट का राजनीति से कुछ लेना-देना नहीं है और न ही यह किसी के खिलाफ है।
गौरतलब है कि आज लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आधुनिक हथियारों से लैस करीब 12 आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें छह खिलाड़ी घायल हो गए और पाँच पुलिसकर्मी मारे गए।
हमले के तुरंत बाद श्रीलंका सरकार ने दौरा रद्द कर दिया। हमला उस समय हुआ, जब श्रीलंकाई टीम दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के लिए गद्दाफी स्टेडियम जा रही थी। |