इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट में चौका जमाकर भारत को जीत दिलाने और अपना 41वाँ शतक पूरा करने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने इसे अपने सबसे 'खास शतकों' में से एक करार देते हुए इसे मुंबई में हुए आतंकी हमले में शहीदों सुरक्षाकर्मियों को समर्पित किया।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में नाबाद 103 रन की पारी खेलकर भारत को छह विकेट से जीत दिलाने वाले तेंडुलकर ने कहा अगर टीम जीतती है तो शतक हमेशा खास हो जाता है, इसलिए यह मेरे सबसे खास शतकों में से एक है। मुंबई के इस बल्लेबाज ने उम्मीद जताई कि हाल में शहर में आतंकी हमलों के बाद उनका यह शतक लोगों को कुछ खुशी देगा।
उन्होंने कहा मुंबई में जो हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं उन्हें धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने आतंकियों का सामना किया और यह सुनिश्चित किया कि वे मारे जाएँ या पकड़े जाएँ क्योंकि आतंकी काफी सारे थे।
मुंबई में आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि और लोगों की जान बचाने वालों को सलाम करते हुए तेंडुलकर ने कहा कि मैं एनएसजी कमांडो, ताज होटल के स्टाफ, पुलिस, जनता और सभी को सलाम करता हूँ।
मास्टर ब्लास्टर के अनुसार यह विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी मुश्किल था और इसी कारण से इस जीत की अहमियत बढ़ जाती है। हमारी रणनीति रन बनाने के अधिक से अधिक मौके तलाशना थी क्योंकि विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं था और हमें इससे हार मानने की जरूरत नहीं थी। यह उस विकेट पर काफी खास जीत है, जहाँ गेंद बेहद उछाल ले रही थी। तेंडुलकर अपने टीम के साथियों के योगदान को भी नहीं भूले और उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में माहौल काफी अच्छा था और इससे काफी मदद मिली। अपने साथ पाँचवें विकेट के लिए नाबाद 163 रन जोड़ने वाले युवराजसिंह की भी तारीफ करते हुए उन्होंने कहा वह चैम्पियन की तरह खेले।
युवराज ने कहा कि इस मास्टर बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी करने से उनका सपना सच हो गया। लगभग आठ माह बाद टीम में वापसी करने वाले युवराज ने कहा उनके साथ खेलकर मेरा सपना सच हो गया। बचपन से ही मैं उनके साथ टेस्ट मैच खेलने का सपना देखता था और आज ऐसा हुआ।
क्रीज पर रणनीति के बारे में पूछने पर युवराज ने कहा कि वह अपना स्वाभाविक खेल खेलने पर ध्यान दे रहे थे। उन्होंने कहा मुझे मेरा स्वाभाविक खेल खेलने को कहा गया था और मैंने ऐसा ही किया। मैंने अपना स्वाभाविक खेल खेला। |